भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, पुतला दहन
नैनीताल एसएसपी के बयान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश, डीडी चौक पर की नारेबाजी
रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग और नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर ‘अराजक तत्व’ कहे जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। इसी क्रम में रुद्रपुर में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीडी चौक पर भाजपा सरकार और नैनीताल एसएसपी का पुतला दहन किया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आठ अगस्त को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में विशाल जनसभा को संबोधित किया था। आरोप है कि रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नैनीताल पुलिस-प्रशासन द्वारा सरकार के दबाव में जगह-जगह रोककर परेशान किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देशभर में कांग्रेस के कार्यक्रमों और रैलियों को प्रभावित करने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस के बढ़ते जनाधार से घबरा गई है और विभिन्न हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, लेकिन जनता अब भाजपा की कथित राजनीति को समझ चुकी है।
ममता रानी और राजकुमार ठुकराल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाते रहेंगे और सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग का विरोध किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान उमा सरकार, ज्योति टम्टा, मधु सिकदर, कमल चुघ, संध्या गुप्ता, प्रदीप यादव, विकास बंसल, रंजीत गुप्ता, जमुना प्रसाद, राजू गुप्ता, मोहन भारद्वाज, मुख्तार हुसैन, मसूद, दानिश खान, विकास, दीपक प्रकाश, जगदीश, सतनाम सिंह, सुनील चुघ, प्रीति साना, उमर अली, योगेश चौहान, मोनिका ढाली, आसित वाला, दर्शन कोली, भूपेंद्र सिंह, सेवाराम, बाबू विश्वकर्मा, आबिद हुसैन, रणजीत तिवारी, देवानंद, बलाई विश्वास, सरोज शर्मा, इंद्रजीत सिंह, अशफाक, हरभजन सिंह, ललित बिष्ट, सपन ओझा, रामपत मंडल, अशोक राय, रामकुमार गुप्ता, राजेंद्र शर्मा, खेम सिंह, कैलाश रावत, केरू मंडल, जावेद, रेहान, नासिर, अकबर अली आदि मौजूद रहे।








