*मरीज बनकर निजी क्लीनिक में घुसे बदमाश, पिस्तौल की नोक पर लाखों की नकदी और सोने की अंगूठी लूटी*
जगराओं (पंजाब)। जगराओं के रायकोट रोड स्थित एक निजी क्लीनिक में गुरुवार सुबह मरीज बनकर पहुंचे 5-6 बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर डॉक्टर से लाखों रुपये की नकदी और सोने की अंगूठी लूट ली। वारदात के दौरान आरोपियों ने डॉक्टर के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रायकोट रोड स्थित डॉ. विजय चोपड़ा का निजी क्लीनिक प्रतिदिन सुबह खुलता है। गुरुवार सुबह 5-6 युवक मरीज बनकर क्लीनिक पहुंचे। डॉ. विजय चोपड़ा ने बताया कि इनमें से कुछ युवक एक दिन पहले भी क्लीनिक आए थे और ग्लूकोज की बोतल चढ़ाने की बात कही थी। उस समय उन्हें अगले दिन आने के लिए कहा गया था।
डॉक्टर के मुताबिक, गुरुवार सुबह वही युवक दोबारा क्लीनिक पहुंचे और मरीज को ग्लूकोज चढ़ाने का अनुरोध किया। जैसे ही वह उपचार की तैयारी करने लगे, पीछे से तीन युवकों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनका मुंह दबाकर टेप से बांध दिया और पिस्तौल तान दी। बदमाशों ने पिस्तौल में मौजूद गोलियां दिखाते हुए शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपियों ने क्लीनिक में रखी लाखों रुपये की नकदी और डॉक्टर की सोने की अंगूठी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







