*जेसीज़ पब्लिक स्कूल में छात्र परिषद शपथ ग्रहण व मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान* *’नेतृत्व और अनुशासन ही सफलता की कुंजी’ : संजय सिंघल*

Spread the love

*जेसीज़ पब्लिक स्कूल में छात्र परिषद शपथ ग्रहण व मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान*

जेसीज़ में छात्र नेतृत्व और प्रतिभा का हुआ भव्य सम्मान समारोह

मेधावी विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और शिक्षकों का हुआ सम्मान

कुमाऊँनी लोकनृत्य से सजा छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह

98.60% अंक के साथ प्राची मटेला बनी विद्यालय की टॉपर, राज्य में दूसरा स्थान

शिक्षकों के उत्कृष्ट परिणामों को भी विद्यालय ने किया सम्मानित

जेसीज़ में नेतृत्व, अनुशासन और उत्कृष्टता का प्रेरणादायी संगम

 

 

रुद्रपुर। जेसीज़ पब्लिक स्कूल में शनिवार को छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह एवं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, वहीं कक्षा 10 एवं 12 के मेधावी विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स तथा उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि टाइटन के पूर्व नॉर्थ मैन्युफैक्चरिंग हेड संजय सिंघल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय के निदेशक सुधांशु पंत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अनुशासन, उत्तरदायित्व और समर्पित नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डाला।

सत्र 2026-27 के लिए जूनियर एवं सीनियर छात्र परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कुमाऊँनी लोकनृत्य ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग बिखेरे।

मुख्य अतिथि संजय सिंघल ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और सुदृढ़ चरित्र के साथ नेतृत्व करने का संदेश देते हुए कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक ज्ञान का संतुलन ही सफलता की कुंजी है। विद्यालय के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के नेतृत्वकर्ता और राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों और विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स को उनके अनुशासन और उत्कृष्ट योगदान के लिए रैंक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

दूसरे चरण में आयोजित सम्मान समारोह में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 के मेधावी विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

कक्षा 12 के मानविकी वर्ग में प्राची मटेला ने 98.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य में दूसरा तथा विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। पूर्वी (96.40 प्रतिशत) और गुंजन मेलकानी (95.80 प्रतिशत) को भी सम्मानित किया गया। विज्ञान वर्ग में ईशिता सैनी (97 प्रतिशत), गरिमा पाठक (95.80 प्रतिशत) और अंश सोनकर (94.20 प्रतिशत), जबकि वाणिज्य वर्ग में आस्था यादव (96.80 प्रतिशत), गुरकीरत कौर (95.60 प्रतिशत) और तनु पाठक (95.40 प्रतिशत) को सम्मानित किया गया।

कक्षा 10 में अंश श्रीवास्तव (99 प्रतिशत), माही सिंह (98.80 प्रतिशत), प्रत्यूष कुमार नंदा (98.80 प्रतिशत), केशिका डसीला (98.60 प्रतिशत), हरमन रीत कौर (98.60 प्रतिशत) और सक्षम शर्मा (98.60 प्रतिशत) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अलावा पेंटिंग, मनोविज्ञान, शारीरिक शिक्षा, हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले लगभग 48 विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम दिलाने वाले शिक्षकों को भी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

अंत में सेक्शन हेड लतिका अरोरा ने अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेतृत्व उत्तरदायित्व से विकसित होता है और उत्कृष्टता निरंतर परिश्रम व दृढ़ संकल्प का परिणाम होती है। उन्होंने समारोह की सफलता पर सभी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *