*विधायक शिव अरोरा के आवास पर जनकपुरी की तर्ज पर हुआ श्रीराम बरात का स्वागत*
*घराती की भूमिका में विधायक ने किया बरातियों का स्वागत, श्रीराम-सीता विवाह के बाद माता सीता की विदाई पर हुए भावुक*
रुद्रपुर। मुख्य रामलीला कमेटी (रजि.) बस स्टैंड की ओर से निकाली गई प्रभु श्रीराम की भव्य बरात का रविवार को विधायक शिव अरोरा के एलाइंस कॉलोनी स्थित आवास पर जनकपुरी की तर्ज पर स्वागत किया गया। इस दौरान विधायक आवास को आकर्षक ढंग से सजाया गया। घराती की भूमिका निभाते हुए विधायक ने बरात में शामिल श्रद्धालुओं और अतिथियों का फूल-मालाओं व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। प्रभु श्रीराम के जयकारों और धार्मिक गीतों से पूरा परिसर राममय हो गया।
राम बरात बस स्टैंड से शुरू होकर डीडी चौक, मुख्य बाजार, पांच मंदिर, गल्ला मंडी और गाबा चौक होते हुए एलाइंस कॉलोनी पहुंची। यहां से एलाइंस चौक होकर बरात विधायक शिव अरोरा के आवास पर पहुंची। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बरात का स्वागत किया। बरात के पहुंचने पर विधायक आवास में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव का माहौल देखने को मिला।
विधि-विधान से संपन्न हुआ श्रीराम-सीता विवाह
विधायक आवास पर जनकपुरी की तर्ज पर सजाए गए परिसर में श्रीराम-सीता विवाह का प्रसंग मंचित किया गया। धार्मिक गीतों और मंगलगान के बीच श्रीराम और माता सीता के वरमाला कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। विवाह की रस्मों के माध्यम से जनकपुरी में हुए प्रभु श्रीराम और माता सीता के विवाह की झलक प्रस्तुत की गई।
विधायक शिव अरोरा ने सपरिवार प्रभु श्रीराम और माता सीता के चरणों में नमन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की बरात का अपने आवास पर स्वागत करना और विवाह उत्सव में सहभागी बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म, त्याग, कर्तव्य और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज और परिवारों के लिए प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जुड़ती है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम और माता सीता से सभी परिवारों तथा क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
माता सीता की विदाई पर भावुक हुए विधायक
श्रीराम-सीता विवाह के बाद माता सीता की विदाई का प्रसंग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। घराती की भूमिका निभा रहे विधायक शिव अरोरा ने विवाह की रस्मों में भाग लिया और माता सीता की विदाई की। इस भावुक प्रसंग के दौरान विधायक भी भावुक नजर आए। विदाई के दृश्य ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
राम बरात के स्वागत से लेकर विवाह और विदाई की रस्मों तक पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, धार्मिक गुरुओं और समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम को सामूहिक उत्सव का स्वरूप दिया।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी से पवन अग्रवाल, सुशील गाबा, अमित गंभीर, पंजाबी महासभा के कुमाऊं अध्यक्ष हरीश जल्होत्रा, राजेश डाबर, राजकुमार चौधरी, उपेंद्र चौधरी, दर्जा मंत्री सुरेश कोली, प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, गदरपुर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, प्रीत ग्रोवर, राजकुमार फुटेला, गुलरभोज के चेयरमैन सतीश चुघ, गदरपुर के चेयरमैन मनोज गुम्बर, डॉ. सीमा अरोरा, किरण विर्क, अनमोल विर्क, मनोज छाबड़ा, संदीप राव, सुखदेव भल्ला, मिन्नी गुम्बर, अशोक गुम्बर, गुरमीत सिंह, मनीष गगनेजा, पंकज बांगा, विपन जल्होत्रा, हरनाम चौधरी, हरपाल चावला, धीरेश गुप्ता, जगदीश विश्वास, मुकेश पाल, राजेश बजाज, तरुण दत्ता, गुन्नू चौधरी, मनीष अग्रवाल, केके दास, मनोज गाबा, गौरव बेहड़, केवल बत्रा, रवि सिडाना, रोनिक नारंग, विक्की घई, जगदीश टंडन और गजेंद्र संधू सहित अनेक लोग मौजूद रहे।


