*किरतपुर में भारत भूषण चुघ ने किया दुर्गा पूजा का शुभारंभ*
*धार्मिक आयोजन संस्कृति और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम : चुघ*
रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम किरतपुर में आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत भूषण चुघ ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा से क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत भूषण चुघ ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सनातन संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने लोगों से धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
चुघ ने अयोध्या में निर्मित भव्य श्रीराम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और देश के गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से श्रीराम मंदिर का निर्माण देशवासियों के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर चुघ ने दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि पूजा आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर वह सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम में किरण देवी, रानी, बिरजू, रूपेंद्र, धर्मराज, राजू कोहली, विक्की सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी मौजूद रहे।


