*एसआईआर विरोध के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आवास की सुरक्षा बढ़ाई* *धमकी मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, पहले से जेड-प्लस सुरक्षा के घेरे में हैं सीईसी*

*एसआईआर विरोध के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आवास की सुरक्षा बढ़ाई*

*धमकी मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, पहले से जेड-प्लस सुरक्षा के घेरे में हैं सीईसी*

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार को धमकी मिली है। उन्हें पहले से ही जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। खुफिया सूचनाओं और नई दिल्ली क्षेत्र में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए उनके आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय जिला पुलिस को भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अतिरिक्त जवानों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। नई दिल्ली जिले में पहले से ही विरोध प्रदर्शन जारी हैं। ऐसे में सभी सुरक्षा एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

सुरक्षा व्यवस्था ऐसे समय में बढ़ाई गई है, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेता एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement