एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कार्रवाई, पुलिस टीम ने किया खुलासा

वन विभाग टीम पर फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 12 बोर बंदूक बरामद

वन विभाग टीम पर फायरिंग का मुख्य आरोपी दलजीत सिंह उर्फ डल्लू गिरफ्तार

अवैध कटान रोकने गई टीम पर चली गोली, नामजद आरोपी दबोचा गया

 

बाजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बाजपुर कोतवाली पुलिस ने वन विभाग की टीम पर जानलेवा फायरिंग करने वाले नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर बंदूक भी बरामद की गई है।

वन दरोगा ठाकुर दत्त ध्यानी द्वारा 17 फरवरी 2026 को कोतवाली बाजपुर में दी गई तहरीर के अनुसार, 14 फरवरी की रात जंगल गश्त के दौरान सूचना मिली कि दलजीत सिंह उर्फ डल्लू अपने साथियों के साथ अवैध असलहे एवं पेड़ काटने के औजार लेकर जंगल की ओर गया है। सूचना पर वन विभाग की टीम सतर्क हो गई।

प्रातः लगभग 5:45 बजे ग्राम अस्कोट संपर्क मार्ग पर वन विभाग की टीम को पांच मोटरसाइकिलें दिखाई दीं, जिन पर खैर की लकड़ी लदी हुई थी। टीम द्वारा रुकने का संकेत देने पर वाहन असंतुलित हो गए और लकड़ी के गिल्टे सड़क पर गिर गए। इसी दौरान दलजीत सिंह उर्फ डल्लू एवं उसके साथियों ने वन कर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

घटना के संबंध में कोतवाली बाजपुर में FIR संख्या 40/26 धारा 109(1), 191(2), 191(3) व 221 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर व क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सघन तलाश के बाद 18 फरवरी की देर रात पुलिस ने नामजद आरोपी दलजीत सिंह उर्फ डल्लू को बरहनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने घटना में प्रयुक्त बंदूक को जंगल में छिपाना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर हरसान कपकोट मार्ग के पास झाड़ियों से 12 बोर बंदूक बरामद की गई। आरोपी ने इसी हथियार से फायरिंग करना स्वीकार किया है।

पुलिस ने आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी

दलजीत सिंह उर्फ डल्लू (27 वर्ष)

पिता: चरणजीत सिंह

निवासी: हरसान बरहेनी, बाजपुर

बरामदगी

12 बोर बंदूक

पुलिस टीम

नरेश चौहान, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बाजपुर

संदीप शर्मा, प्रभारी चौकी बरहनी

धीरेंद्र परिहार, उप निरीक्षक

हेड कांस्टेबल दीपक कपड़े

कांस्टेबल सुरेश बिष्ट

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा अवैध कटान और हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement