*ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का विधायक शिव अरोरा ने लिया जायजा* *ड्रोन सर्वे कर तत्काल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश, मुख्यमंत्री से वार्ता कर किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने का करेंगे प्रयास*

*ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का विधायक शिव अरोरा ने लिया जायजा*

*ड्रोन सर्वे कर तत्काल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश, मुख्यमंत्री से वार्ता कर किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने का करेंगे प्रयास*

रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में तेज बारिश और भारी ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने विधायक शिव अरोरा शनिवार को अधिकारियों के साथ प्रभावित गांवों में पहुंचे। उन्होंने गदरपुर की तहसीलदार लीना चंद्रा धामी और राजस्व विभाग की टीम के साथ पिपलिया-1, पिपलिया-2, आनंदखेड़ा, मोहनपुर, सुंदरपुर और हरिदासपुर समेत कई गांवों में खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और नुकसान का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई। विधायक ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे किया जाए। जिन क्षेत्रों में फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है, वहां ड्रोन के माध्यम से सर्वे कराकर तत्काल रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई जल्द शुरू हो सके।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि अचानक हुई ओलावृष्टि ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। किसान बीज, खाद, सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों पर अपनी पूंजी खर्च कर फसल तैयार करते हैं। ऐसे में प्राकृतिक आपदा से फसलों को नुकसान पहुंचना उनके लिए बड़ा आर्थिक संकट खड़ा कर देता है। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए नुकसान का सही आकलन जरूरी है।

मुख्यमंत्री से वार्ता कर मुआवजे का मुद्दा उठाएंगे

विधायक ने कहा कि इस कठिन समय में वह किसानों के साथ खड़े हैं। प्रभावित किसानों को जल्द राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता कर उनकी समस्याओं को उनके समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि फसल क्षति का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए शासन और प्रशासन स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। जिन किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हुई है, उनके नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने लाकर नियमानुसार सहायता दिलाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान विधायक शिव अरोरा किसान लाड्डी सिंह से भी मिले और उनकी परेशानी सुनी। उन्होंने प्रभावित किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से उठाया जाएगा और राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, इंद्रपाल चौधरी, मनमोहन वाधवा, प्रधान महेंद्र सैनी, काला चंद प्रधान, ओमियों विश्वास, कौशल विश्वास समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement