*जीएसटी कार्रवाई के विरोध में धरने पर पहुंचे विधायक शिव अरोरा* *व्यापारियों की समस्याएं सुनीं, मौके से जीएसटी अधिकारी से की वार्ता; सीएम के समक्ष मामला रखने का दिया भरोसा*

*जीएसटी कार्रवाई के विरोध में धरने पर पहुंचे विधायक शिव अरोरा*

*व्यापारियों की समस्याएं सुनीं, मौके से जीएसटी अधिकारी से की वार्ता; सीएम के समक्ष मामला रखने का दिया भरोसा*

रुद्रपुर। त्योहारी सीजन से पहले विधवानी मार्केट में जीएसटी विभाग की कार्रवाई को लेकर इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन के बैनर तले चल रहे व्यापारियों के धरने में विधायक शिव अरोरा पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मामले को उच्च स्तर तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।

व्यापारियों ने विधायक को बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान दुकानों पर जीएसटी विभाग की कार्रवाई से व्यापारियों में भय और असमंजस की स्थिति बन रही है। व्यापारियों ने कहा कि यदि जांच आवश्यक है तो नियमानुसार की जाए, लेकिन कार्रवाई के तरीके को लेकर उनकी चिंताओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

व्यापारियों की बात सुनने के बाद विधायक शिव अरोरा ने मौके से ही जीएसटी अधिकारी राहुल चंद्रा से फोन पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारी से कहा कि व्यापारियों की चिंताओं और कार्रवाई के तरीके को लेकर उत्पन्न स्थिति से विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए। विधायक ने कहा कि व्यापारी जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं, लेकिन त्योहारी सीजन में कई वाहनों के साथ बाजार पहुंचकर कार्रवाई करना और व्यापारियों के लैपटॉप आदि कब्जे में लेना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी से विभाग को कोई जानकारी या स्पष्टीकरण चाहिए तो उसे नोटिस देकर कार्यालय बुलाया जा सकता है। व्यापारी अपने अधिवक्ता या सीए के माध्यम से जवाब दे सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का राजस्व बढ़े, इसमें किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन ईमानदारी से कारोबार करने वाले व्यापारियों के बीच भय का वातावरण पैदा होना उचित नहीं है।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि व्यापारियों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून और नियम अपनी जगह हैं और जांच भी नियमानुसार होनी चाहिए। उन्होंने जीएसटी अधिकारी से कहा कि उनकी बात उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की कार्रवाई होने पर वह व्यापारियों के साथ मौके पर खड़े मिलेंगे।

विधायक ने कहा कि वह इस मामले में जीएसटी विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता करेंगे और व्यापारियों की समस्या को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी रखेंगे। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर का व्यापारी वर्ग शहर की आर्थिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। त्योहारी सीजन में व्यापारियों को भयमुक्त होकर कारोबार करने का वातावरण मिलना चाहिए।

विधायक के धरने पर पहुंचने और मौके से ही जीएसटी अधिकारी से फोन पर वार्ता किए जाने से व्यापारियों ने समस्या के समाधान की उम्मीद जताई।

धरने के दौरान देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, महामंत्री मनोज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, राजेश कामरा, प्रभात खुराना, विभोर बठला, हर्षित कालरा, दीपक ग्रोवर, दीपू तनेजा, बलदेव, प्रदीप कामरा, कमजीत बठला, सुभाष नारंग, निखिल बठला, रवि चावला, शिवा चावला आदि मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement