रविंद्रनगर में आयोजित अखंड नाम संकीर्तन में शामिल हुए विधायक शिव अरोरा
रुद्रपुर। रविंद्रनगर वार्ड संख्या 37 में आयोजित अखंड नाम संकीर्तन के समापन अवसर पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संकीर्तन का श्रवण कर ईश्वर की आराधना की तथा क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि अखंड नाम संकीर्तन व्यक्ति को ईश्वर से जोड़ने का श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर आयोजित हो रहे अखंड नाम संकीर्तन कार्यक्रमों में वह लगातार शामिल हो रहे हैं। बंगाली समुदाय में संकीर्तन के प्रति आस्था, श्रद्धा और प्रेम का भाव अद्वितीय एवं प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक लगातार 24 घंटे बिना रुके चलने वाले इस अखंड नाम संकीर्तन को आत्मसात करने मात्र से मन को शांति की अनुभूति होती है। एक जनप्रतिनिधि के रूप में निरंतर व्यस्त दिनचर्या के बीच ऐसे धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है।
विधायक ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर पार्षद विष्णु सिंह, समिति अध्यक्ष हीरा मंडल, उपाध्यक्ष विपुल गाईन, सचिव सुकुमार मंडल, उपसचिव संजय हलदार, कोषाध्यक्ष विवेक महलदार, प्रकाश अधिकारी, वीरेंद्र तिवारी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।







