रुद्रपुर में राज्य स्तरीय फेंसिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन, 150 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
डीपीएस रुद्रपुर बना राज्य स्तरीय फेंसिंग मुकाबलों का केंद्र
एपे, फॉयल और सेबर में रोमांचक मुकाबले, खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
तेज राम बघेल बोले—खेल से निखरता है अनुशासन और आत्मविश्वास
फेंसिंग खेल से छात्रों का सर्वांगीण विकास: सुरजीत सिंह ग्रोवर
युवा खिलाड़ियों ने तकनीकी दक्षता और खेल भावना का दिया परिचय
डीपीएस रुद्रपुर की खेल सुविधाओं की अतिथियों ने की सराहना
रुद्रपुर, 3 मई। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर में रविवार को प्रथम मिनी एवं 7वीं सब-जूनियर, जूनियर, कैडेट व सीनियर राज्य फेंसिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड एवं फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) के तत्वावधान में संपन्न हुई, जिसमें प्रदेशभर के विभिन्न जनपदों से आए 150 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जय हिंद ऑटोटेक के प्रबंध निदेशक तेज राम बघेल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में पंकज शुक्ला, जानकी कार्की एवं इंस्पेक्टर गिरीश चंद्र जोशी शामिल रहे। फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष एवं डीपीएस रुद्रपुर के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने मेंटर के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि तेज राम बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि डीपीएस रुद्रपुर द्वारा एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गई आधुनिक खेल सुविधाएं खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के महत्व पर बल देते हुए आयोजन की सराहना की।
चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि फेंसिंग जैसे तकनीकी खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह खेल शारीरिक दक्षता के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है।
प्रतियोगिता में एपे, फॉयल और सेबर विधाओं के तहत मुकाबले हुए, जिनमें काशीपुर, हल्द्वानी, रुद्रपुर, हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल और अल्मोड़ा सहित विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
विजेताओं की झलक:
मिनी वर्ग में फॉयल गर्ल्स में वैष्णवी, फॉयल बॉयज में आदित्य, सेबर गर्ल्स में राजशी, सेबर बॉयज में रचित सिंह तथा एपे बॉयज में रुद्र जोशी विजेता रहे।
सब-जूनियर वर्ग में फॉयल बॉयज में सार्थक जैन, फॉयल गर्ल्स में प्रिशा शुक्ला, सेबर बॉयज में आयुष्मान भट्ट एवं सेबर गर्ल्स में गुंजन राजपुरोहित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कैडेट वर्ग में सेबर बॉयज में अनिरुद्ध डब्बरवाल व सेबर गर्ल्स में आकांक्षा राठौर विजेता रहीं।
जूनियर वर्ग में फॉयल बॉयज में आदित्य थपलियाल, फॉयल गर्ल्स में श्रुति तथा सेबर बॉयज में वंश राठौर ने बाजी मारी।
सीनियर वर्ग में फॉयल बॉयज में शौर्य गेहरवाल, एपे बॉयज में ललित सिंह, एपे गर्ल्स में इति चौधरी एवं सेबर गर्ल्स में तनरूप कौर ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, तकनीकी दक्षता एवं उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। अंत में अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।







