*शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने दी श्रद्धांजलि*

Spread the love

*शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने दी श्रद्धांजलि*

 

गदरपुर। अमर शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर गदरपुर स्थित कंबोज धर्मशाला परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने शहीद उधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों ने भी सहभागिता कर महान क्रांतिकारी को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को शॉल (अंगवस्त्र) ओढ़ाकर तथा शहीद उधम सिंह का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर श्री शुक्ला ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों और देशभक्तों को समर्पित है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी थे, जिन्होंने जलियांवाला बाग नरसंहार के शहीदों का प्रतिशोध लेकर विश्व पटल पर भारतीय स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव का परिचय दिया। उनका साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह शहीदों के सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *