*ब्रिक्स घोषणापत्र में एकतरफा टैरिफ और प्रतिबंधों का विरोध*
*ब्रिक्स घोषणापत्र में एकतरफा टैरिफ और प्रतिबंधों का विरोध*
नई दिल्ली। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों ने वैश्विक व्यापार, गाजा संकट, आतंकवाद और बदलती विश्व व्यवस्था समेत विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर साझा रुख जाहिर किया। सम्मेलन के बाद जारी नई दिल्ली घोषणापत्र में एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ व्यापार बाधाओं पर चिंता जताई गई। सदस्य देशों ने कहा कि ऐसे कदम वैश्विक व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला को प्रभावित करते हैं।
गाजा संकट पर ब्रिक्स देशों ने तत्काल और स्थायी युद्धविराम लागू करने तथा मानवीय सहायता की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने की मांग की। घोषणापत्र में फिलिस्तीनियों के जबरन विस्थापन को रोकने और दो-राष्ट्र समाधान के प्रति समर्थन दोहराया गया। साथ ही फिलिस्तीन को संयुक्त राष्ट्र की पूर्ण सदस्यता दिए जाने का भी समर्थन किया गया।
घोषणापत्र में एकतरफा आर्थिक प्रतिबंधों का विरोध करते हुए अंतरराष्ट्रीय विवादों का समाधान बातचीत, कूटनीति और बहुपक्षीय सहयोग के माध्यम से करने पर जोर दिया गया। आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात भी कही गई।
ब्रिक्स देशों ने वैश्विक संस्थाओं में विकासशील देशों की भूमिका बढ़ाने और विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। घोषणापत्र में बदलती वैश्विक व्यवस्था में बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।


