*सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पर भाजपा की ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यशाला आयोजित*
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड भाजपा ने रविवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की। कुंवावाला स्थित होटल ली ओवल में आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यशाला में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों को अभियान के उद्देश्यों, प्रस्तावित कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों की जानकारी दी गई। कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के संदेश को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड का भी सामूहिक प्रसारण सुना गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ नए प्रयासों और नवाचारों को सामने लाने का एक प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशामुक्त भारत अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशामुक्ति और जागरूकता से जुड़ी रचनात्मक सामग्री तैयार कर सोशल मीडिया एवं डिजिटल माध्यमों के जरिए नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने देशभक्ति, कृषि, अंतरिक्ष, युवा शक्ति और सिनेमा समेत विभिन्न विषयों का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार देशभर में आठ करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं। उन्होंने ‘सूर्यपथ तिरंगा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि फिजी समेत दुनिया के विभिन्न हिस्सों में तिरंगा शान से फहराया गया। उन्होंने कहा कि तिरंगे के प्रति देशवासियों का उत्साह राष्ट्रभावना की मजबूत अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि अगस्त का महीना देशभक्ति के रंगों से सराबोर रहता है और इस वर्ष ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने से यह अवसर और भी विशेष बन गया है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से राष्ट्रीय भावना और देश के प्रति जिम्मेदारी को और मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभियान को सफल बनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद सदस्य एवं नमो ऐप के राष्ट्रीय संयोजक कुलजीत सिंह चहल, कैबिनेट मंत्री, विधायक, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत भारद्वाज, तरुण बंसल सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











