*खड़गे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण पर भड़की कांग्रेस, ठुकराल संग पहुंचे कोतवाली* *राजकुमार ठुकराल बोले- दोषियों पर एससी-एसटी एक्ट में हो कार्रवाई*

Spread the love

खड़गे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण मामले में कांग्रेस ने दी तहरीर

दोषियों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग

रुद्रपुर। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

तहरीर में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि गत 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए थे। आरोप है कि इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडे और करीब 15 अन्य अज्ञात लोगों ने रामलीला मैदान में यज्ञ करने के साथ ही गंगाजल का छिड़काव कर कथित रूप से शुद्धिकरण किया।

कांग्रेस ने इस कृत्य को अनुसूचित जाति समाज का सार्वजनिक अपमान बताते हुए इसे संविधान की भावना और सामाजिक समानता के सिद्धांतों के विरुद्ध करार दिया है। तहरीर में कहा गया कि सार्वजनिक स्थल पर इस प्रकार की कार्रवाई करने और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से अनुसूचित जाति समाज समेत सामाजिक एकता और राष्ट्रीय अखंडता में विश्वास रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस कृत्य से समाज में अनुसूचित जाति के लोगों को नीच अथवा अपवित्र समझे जाने का संदेश गया, जो संविधान में निहित समानता और अस्पृश्यता उन्मूलन की भावना के विपरीत है। पार्टी ने आरोप लगाया कि शुद्धिकरण के नाम पर किए गए इस कृत्य से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों के प्रति शत्रुता, घृणा और वैमनस्य की भावना पैदा करने का प्रयास किया गया।

कांग्रेस ने मामले को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध बताते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। तहरीर में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा 13 अगस्त को राज्यसभा में इस मुद्दे को उठाए जाने का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयानों का हवाला देते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर भाजपा नेताओं के अलग-अलग बयानों से राजनीतिक विवाद और गहरा गया है।

कांग्रेस नेताओं ने हल्द्वानी पुलिस पर भी मामले में कार्रवाई को लेकर कथित लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि घटना के संबंध में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। कांग्रेस ने पुलिस से तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

तहरीर देने वालों में सतीश कुमार, राहुल प्रजापति, दिनेश कोली, संदीप चीमा, योगेश चौहान, पार्षद चिराग कालरा, पार्षद शुभम दास, ओमपाल सिंह, ज्योति टम्टा, कुंदन टम्टा, ज्योति आर्य, अबरार, मोहन कुमार, रंजीत तिवारी, निहाल, राकेश कोली, सरोज रानी, निसार अहमद, उमा सरकार, राजू गुप्ता, विकास मलिक, संजीव नंदी, आशीत बाला, अशोक मंडल, ललित बिष्ट और सुनील चुघ समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *