*इटली के कैटानिया एयरपोर्ट की दौड़ में अडानी समूह, दूसरे चरण तक पहुंची बोली*

Spread the love

*इटली के कैटानिया एयरपोर्ट की दौड़ में अडानी समूह, दूसरे चरण तक पहुंची बोली*

नई दिल्ली। गौतम अडानी समूह की कंपनी अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स इटली के कैटानिया एयरपोर्ट के निजीकरण की प्रक्रिया में दूसरे चरण तक पहुंच गई है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी उन 10 बोलीदाताओं में शामिल है जिन्होंने प्रारंभिक चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पार कर ली है।

रिपोर्ट के मुताबिक, एयरपोर्ट ऑपरेटर एसएसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) निको टोरिसी ने बताया कि शॉर्टलिस्ट की गई कंपनियों में अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के अलावा विंची एयरपोर्ट्स, रॉयल शिफोल ग्रुप, कॉरपोरेशन अमेरिका एयरपोर्ट्स, मुंडीज, सेव, 2i एयरोपोर्टी, मैग ओवरसीज इन्वेस्टमेंट, ओमान एयरपोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी और मैक्वेरी यूरोपियन इंफ्रास्ट्रक्चर फंड शामिल हैं।

एसएसी ने मई 2026 में कैटानिया एयरपोर्ट में कम से कम 51 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया शुरू की थी। कैटानिया सिसिली का सबसे बड़ा और यात्रियों की संख्या के लिहाज से इटली का पांचवां सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। एसएसी दक्षिणी सिसिली के कोमिसो एयरपोर्ट का भी संचालन करती है, जिसका प्रबंधन अनुबंध वर्ष 2049 तक है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के भारत में किसी एयरलाइन के अधिग्रहण की अटकलें तेज थीं। कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि कंपनी ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से कंसेशन एग्रीमेंट की एक शर्त में छूट मांगी है, जिसके तहत मुंबई एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी किसी अनुसूचित एयरलाइन में 10 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी नहीं रख सकती।

हालांकि, अडानी समूह ने इन सभी अटकलों का स्पष्ट रूप से खंडन किया है। अडानी एंटरप्राइजेज के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी के एयरलाइन कारोबार में उतरने संबंधी मीडिया रिपोर्टें पूरी तरह निराधार और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि समूह फिलहाल एयरलाइन व्यवसाय में प्रवेश करने के किसी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रहा है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *