*पीएम मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट मामले में एफआईआर, ‘X’ से मांगी अकाउंट की जानकारी*

*पीएम मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट मामले में एफआईआर, ‘X’ से मांगी अकाउंट की जानकारी*

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने संबंधित अकाउंट की पहचान और जांच के लिए ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) से विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

पुलिस के अनुसार, संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई है। मामले की जांच के तहत पुलिस ने संबंधित पोस्ट या वीडियो को तत्काल हटाने, अकाउंट धारक का नाम, पता, ईमेल आईडी, संपर्क विवरण, लॉगिन-लॉगआउट का रिकॉर्ड तथा जांच से संबंधित अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) की धारा 63(4) के तहत आवश्यक प्रमाण-पत्र देने और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का भी अनुरोध किया गया है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित उन सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान शुरू कर दी है, जिन पर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुरक्षाबलों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक सामग्री साझा करने का आरोप है। हालांकि, अब तक नोटिस जारी किए गए अकाउंट्स की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई है।

रिपोर्टों के मुताबिक, जंतर-मंतर पर आयोजित सीजेपी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे पोस्ट किए गए थे। यह भी दावा किया गया है कि पुलिस ने करीब 500 सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित किया है, जिन पर प्रदर्शन से जुड़े कथित डीपफेक और एआई-जनित कंटेंट साझा करने का आरोप है। पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को ऐसे अकाउंट्स के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई और उन्हें ब्लॉक करने की सिफारिश भी भेजी है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement