*_”देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ, यह 12 वर्षों की एक बड़ी सफलता’, NDA की बैठक में पीएम मोदी का संबोधन_*

Spread the love

*_”देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ, यह 12 वर्षों की एक बड़ी सफलता’, NDA की बैठक में पीएम मोदी का संबोधन_*

नई दिल्ली: सत्तारूढ़ गठबंधन शासन के 12 साल पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के उपलक्ष्य में यहां बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की एक विशेष बैठक आयोजित की गई. पीएम मोदी ने एनडीए नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, “आप सभी ने इस दिन को मेरे लिए सचमुच यादगार बना दिया है.

एनडीए नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “इतने लंबे समय तक भारत माता की सेवा करना, उनकी सेवा करने का सौभाग्य मिलना, यह भगवान की विशेष कृपा से ही संभव है. पीएम मोदी ने कहा कि, उनके लिए, जनता ही भगवान का रूप है. इसीलिए उन्होंने हमेशा इस सेवा को एक साधना के रूप में देखा है. यह साधना कभी अकेली नहीं रही. यह एक सामूहिक ‘यज्ञ’ है, जिसमें आप सभी और कई अन्य साथियों ने कर्तव्य की भावना से अपनी सेवाएं दी हैं.

पीएम मोदी एनडीए नेताओं को आभार जताते हुए कहा कि, आज का दिन आप सभी ने मेरे लिए बहुत यादगार बना दिया. मैं अभिभूत हूं, कृतज्ञ हूं. ‘चरैवेति-चरैवेति’ के मंत्र का जाप करते हुए, इस राजनीतिक यात्रा में अनेक उतार-चढ़ाव देखते हुए, एक दिन यह पड़ाव भी आएगा, यह मैंने कभी सोचा नहीं था. निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर सबसे लंबी अवधि तक सेवा करने का अवसर मिलना, इसे मैं अपना परम सौभाग्य मानता हूं. आपने इस अवसर पर मुझे सम्मानित किया, इतना मान दिया, इसके लिए मैं आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभारी हूं.

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, 2014 में जब एनडीए की जीत हुई थी, तब उन्होंने कहा था कि आज देश के सामान्य मानवी में एक आशा का उदय हुआ है. इस आशा का, इस उम्मीद का संरक्षण हम सभी का दायित्व था. देश के लोगों ने कांग्रेस के विश्वासघात के बाद अपना भरोसा हमें सौंपा था. आज उन्हें संतोष है, गर्व है कि एनडीए परिवार के तौर पर हमने देश के विश्वास को हमेशा और मजबूत किया है.

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, विकास तो दूर की बात है, देश को कांग्रेस ने एक के बाद एक हजारों करोड़ों रुपये के घोटालों में घसीट दिया. देश का भाग्य फिर तब बदला जब 2014 में एनडीए की सरकार बनी. पीएम मोदी ने कहा कि, देश ने देखा कि जब नीयत, नीति और निर्णय तीनों एक साथ काम करते हैं तो विकास की गति कैसी होती है.

 

पीएम मोदी ने कहा कि, एनडीए के 12 वर्षों की एक बड़ी सफलता ये भी है कि देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ है. कांग्रेस ने देश को लाचारगी, बेचारगी और हीन भावना के गर्त में गिरा दिया था.

पीएम मोदी ने कहा कि, देश को यही एहसास कराया जाता था कि भारत में विकास धीरे-धीरे ही होता है, भारत में तेज विकास संभव ही नहीं है और बड़ी ही चतुराई से धीमी विकास को एक नाम दिया था, ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ यानी कार्यशैली कांग्रेस की, दायित्व कांग्रेस का, विफलता कांग्रेस की लेकिन कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी के नाम लगाया गया. जबकि असल में इस कुसंस्कृति का नाम होना चाहिए था कांग्रेस ग्रोथ रेट.

पीएम मोदी ने कहा कि, इस कांग्रेस ग्रोथ रेट में न सुशासन था, न नीति, न नीयत और ना निर्णय. पहली बार अटल जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार आई, तब जाकर हमें एक झलक दिखी कि विकास में गति कैसे आती है. लेकिन दुर्भाग्य से 2004 में देश फिर से अस्थिरता के बवंडर में और कांग्रेस के शिकंजे में फंस गया.

एनडीए नेताओं की बैठक हुई

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और सत्तारूढ़ राजग के सभी घटक दलों के प्रतिनिधियों ने यहां भारत मंडपम में हुई अहम बैठक में हिस्सा लिया. बैठक में, राजग शासित सभी 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों तथा सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के नेताओं ने भी भाग लिया.

मोदी बुधवार को भारत के सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए. उन्होंने 1952 में हुए आम चुनावों के बाद, देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया.

वर्ष 1947 से 1952 तक नेहरू अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे थे क्योंकि 1952 तक आम चुनाव नहीं हुए थे. इंदिरा गांधी 14 साल से अधिक समय तक प्रधानमंत्री के पद पर रही थीं जो मोदी के कार्यकाल से अधिक है, लेकिन उनका (इंदिरा का) कार्यकाल लगातार नहीं था.

इस पद पर 4,399 दिन पूरे होने के साथ, मोदी भारत के सबसे लंबे लगातार कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं. मोदी ने 26 मई 2014 को, शानदार जीत के साथ भारत के प्रधानमंत्री का पद संभाला. इसके बाद, 2019 के आम चुनाव में उन्हें और भी प्रचंड जनादेश के साथ दोबारा चुना गया और उसी साल 30 मई को उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ. उनका लगातार तीसरा कार्यकाल 9 जून 2024 को शुरू हुआ.

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, जेपी नड्डा और नितिन गडकरी समेत अन्य नेता शामिल हुए. राजग में शामिल दलों के केंद्रीय मंत्रियों, जिनमें के. राम मोहन नायडू (तेलुगु देशम पार्टी), राजीव रंजन सिंह (जद-यू), एच. डी. कुमारस्वामी (जद-एस) और अनुप्रिया पटेल (अपना दल-सोनेलाल) शामिल हैं, ने भी इस बैठक में हिस्सा लिया.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *