*मायावती का सपा के ‘जन-मन घोषणापत्र’ पर हमला, बोलीं- जन-मन नहीं, धन-मन वादी है प्रण-पत्र* *सपा के वादों को बताया हवा-हवाई, गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के हितों की अनदेखी का लगाया आरोप*

### *मायावती का सपा के ‘जन-मन घोषणापत्र’ पर हमला, बोलीं- जन-मन नहीं, धन-मन वादी है प्रण-पत्र*

 

*सपा के वादों को बताया हवा-हवाई, गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के हितों की अनदेखी का लगाया आरोप*

 

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) के जारी चुनावी घोषणापत्र ‘जन-मन के मैनिफेस्टो’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के प्रण-पत्र को हवा-हवाई बताते हुए कहा कि यह कथित पीडीए की राजनीति की तरह ही खोखला है और ‘थोथा चना बाजे घना’ वाली कहावत को चरितार्थ करता है।

 

शुक्रवार को जारी बयान में मायावती ने आरोप लगाया कि सपा का स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों, कल्याण, मान-सम्मान व सुरक्षा के विपरीत रहा है। उन्होंने पार्टी पर संकीर्ण जातिवादी सोच और धन्नासेठों का समर्थक होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका ताजा उदाहरण उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के हालिया चुनाव में पीडीए को प्राथमिकता देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को तरजीह देना है।

 

बसपा प्रमुख ने कहा कि सपा का ‘जन-मन घोषणापत्र’ वास्तव में ‘धन-मन वादी’ अधिक है। उनके मुताबिक पार्टी समाज के अच्छे लोगों के बजाय धनी और बाहुबलियों को चुनाव मैदान में उतारने को प्राथमिकता देती है, जिनकी चिंता जनहित से अधिक निजी लाभ और स्वार्थ तक सीमित रहती है।

 

मायावती ने ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ को बसपा की नीति व सिद्धांत बताते हुए दावा किया कि पार्टी की उत्तर प्रदेश में रही चारों सरकारों में सर्वसमाज और सर्वजन-हितैषी एजेंडे पर ईमानदारी से अमल किया गया। उन्होंने कहा कि इस एजेंडे पर सपा, कांग्रेस और भाजपा अमल नहीं कर सकतीं।

 

उन्होंने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैये तथा उत्तर प्रदेश को जातिवादी द्वेष और दंगों से युक्त प्रदेश बनाने का आरोप भी लगाया। मायावती ने कहा कि जनहित और जनकल्याण के मुद्दों पर सपा के दामन पर लगे धब्बों को जनता कैसे भुला पाएगी। उन्होंने पार्टी के वादों, दावों और घोषणाओं को चुनावी छलावा बताते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement