### *गुरुद्वारा अमृत सागर के भव्य प्रवेश द्वार का महापौर ने किया शिलान्यास*
*धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संवारने के साथ शहर को आध्यात्मिक पहचान देने का प्रयास जारीः विकास शर्मा*
रुद्रपुर। किच्छा बाईपास स्थित श्री गुरुद्वारा अमृत सागर डेरा भजनगढ़ साहिब के भव्य प्रवेश द्वार निर्माण कार्य का शिलान्यास शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा ने गुरुद्वारे के मुख्य महंत श्री विक्रमजीत सिंह जी महाराज के साथ संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर किया। महंत के सानिध्य में धार्मिक विधि-विधान से शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस पहल पर गुरुद्वारा प्रबंधन और संगत ने प्रसन्नता जताते हुए महापौर का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर के समग्र विकास के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को संवारना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। रुद्रपुर को विकास के साथ आध्यात्मिक पहचान देने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। त्रिशूल चौक पर भगवान भोलेनाथ का भव्य त्रिशूल शहर की शोभा बढ़ा रहा है, वहीं डमरू चौक का निर्माण भी जल्द होने जा रहा है। शिव कॉरिडोर परियोजना को भी धरातल पर उतारने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास, बेहतर रखरखाव और उनकी गरिमा बनाए रखना जरूरी है, ताकि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सके। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में शहर के विकास के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। गुरुओं की शिक्षाएं धर्म, सेवा, सद्भाव और संस्कारों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। समाज को इन मूल्यों को अपनाकर अपनी विरासत को आगे बढ़ाना चाहिए।
महापौर ने कहा कि जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। गुरुद्वारा अमृत सागर के भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण भी इसी क्रम का हिस्सा है। शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य पूरा होने पर भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें संत समाज और गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।
गुरुद्वारे के मुख्य महंत श्री विक्रमजीत सिंह जी महाराज ने बताया कि भव्य प्रवेश द्वार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। बाहर से आने वाली संगत को कई बार गुरुद्वारे तक पहुंचने में परेशानी होती थी। इस समस्या को देखते हुए गुरुद्वारा प्रबंधन ने महापौर के समक्ष प्रवेश द्वार निर्माण की मांग रखी थी। महापौर ने मांग को प्राथमिकता देते हुए निर्माण की पहल की। उन्होंने बताया कि मांग रखे जाने के महज 10-15 दिनों के भीतर प्रवेश द्वार का डिजाइन तैयार कर गुरुद्वारा प्रबंधन को उपलब्ध करा दिया गया।
महंत ने महापौर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विकास शर्मा जनसेवक के रूप में शहर के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और नीलकंठ धाम के महंत के रूप में भी धर्म एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। त्रिशूल चौक, डमरू चौक, श्रीराम पार्क और शिव कॉरिडोर जैसी योजनाएं शहर के विकास के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि महापौर धार्मिक स्थलों को संवारने, उनकी सुंदरता बढ़ाने और धर्म-संस्कृति के संरक्षण के लिए भी लगातार प्रयासरत हैं। भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण से संगत को सुविधा मिलने के साथ गुरुद्वारे की भव्यता भी बढ़ेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में पंचायती निर्मला अखाड़ा के मुखिया महंत संत जगजीत सिंह जी शास्त्री, स्वामी डॉ. हरिहरानंद जी, भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, विशाल खेड़ा, हरविंदर सिंह हरजी, पारस चुघ, आशु गुंबर, बिन्नी चुघ, जितेंद्र संधू, कुलवीर सिंह सहित गुरुद्वारा प्रबंधन, संगत और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



