*रेशमबाड़ी चाकूबाजी प्रकरण में दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी* *एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, विवेचना में बीएनएस की धारा 3(5) भी जोड़ी*

### *रेशमबाड़ी चाकूबाजी प्रकरण में दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी*

 

*एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, विवेचना में बीएनएस की धारा 3(5) भी जोड़ी*

 

रुद्रपुर। रेशमबाड़ी क्षेत्र में चाकूबाजी के दौरान युवक की हत्या और अन्य लोगों को घायल करने के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को शुक्रवार दोपहर किच्छा रोड स्थित बागवाड़ा मंडी के सामने से गिरफ्तार किया। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।

 

पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की रात रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर अनुज और विनोद कश्यप के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद विनोद कश्यप अपने साथियों के साथ रेशमबाड़ी स्थित राम अवतार के घर पहुंचा और वहां परिवार के लोगों के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। विवाद के दौरान लीलाधर, राहुल और परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में लीलाधर, राहुल समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल का उपचार किया गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली रुद्रपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य संकलित किए गए। जोहरी लाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 618/2026 के तहत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 191(3), 118(1) और 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। विवेचना और गवाहों के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस भी बढ़ाई गई है।

 

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने शुक्रवार 27 नवंबर को शाम 4:50 बजे बागवाड़ा मंडी के सामने से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी वार्ड नंबर 12 रेशमबाड़ी, रुद्रपुर और विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप, निवासी वार्ड नंबर 13 दूधियानगर, रुद्रपुर के रूप में हुई है।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश के साथ विवेचना और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आमजन से विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लेने और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement