### *त्रिशूल चौक पर टावर पर चढ़ी महिला, पुलिस और विधायक ने संभाला मोर्चा; सकुशल उतारी गई*
*विधायक शिव अरोरा ने माइक से लगातार अपील कर महिला को दिलाया भरोसा, पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ के संयुक्त प्रयासों से सफल रेस्क्यू*
रुद्रपुर। शहर के त्रिशूल चौक पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिनेशपुर निवासी बताई जा रही एक महिला करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
इसी दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होकर हरिद्वार से रुद्रपुर पहुंचे विधायक शिव अरोरा भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए माइक के माध्यम से महिला से लगातार नीचे उतरने की अपील की। उन्होंने महिला को भरोसा दिलाया कि उसकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और समाधान के लिए हरसंभव मदद की जाएगी।
विधायक के लगातार संवाद और आश्वासन के साथ सीओ वैभव सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूझबूझ से रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ के जवानों के संयुक्त प्रयासों से महिला को सकुशल नीचे उतार लिया गया। राहत की बात रही कि महिला को किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
सुरक्षित नीचे आने के बाद विधायक शिव अरोरा ने महिला से बातचीत कर उसकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन की ओर से भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया और महिला को सुरक्षित घर भेज दिया गया।
विधायक शिव अरोरा ने रेस्क्यू अभियान में सीओ वैभव सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम, फायर सर्विस और एनडीआरएफ के जवानों के साहस, धैर्य एवं सूझबूझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी टीमों के बेहतर समन्वय और मानवीय संवेदनशीलता के चलते महिला को सकुशल बचाने में सफलता मिली और एक बड़ी घटना टल गई।



