*महापौर विकास शर्मा ने स्वयं ऑनलाइन भरी जनगणना की जानकारी, शहरवासियों से की अपील* *30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कराएं अपने और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण*

*महापौर विकास शर्मा ने स्वयं ऑनलाइन भरी जनगणना की जानकारी, शहरवासियों से की अपील*

 

*30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कराएं अपने और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण*

 

रुद्रपुर। उत्तराखंड में स्व-गणना (सेल्फ इन्यूमरेशन) के तहत जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में महापौर विकास शर्मा ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कराई। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से भी 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर अपना और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कराने की अपील की।

 

महापौर ने कहा कि स्व-गणना की सुविधा से नागरिकों को किसी अधिकारी या कर्मचारी के घर पहुंचने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन लिंक के माध्यम से लोग घर बैठे आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए नाम, स्थान, परिवार के मुखिया का विवरण, जन्मतिथि और वैवाहिक स्थिति सहित कुछ सामान्य जानकारियां भरनी होंगी। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों का विवरण भी पोर्टल पर जोड़ा जा सकता है।

 

उन्होंने बताया कि स्व-गणना का फॉर्म बेहद सरल और सुविधाजनक है। इसमें कई जानकारियां स्वतः दर्ज हो जाती हैं, जिससे प्रक्रिया आसान हो जाती है। स्वयं विवरण भरने का लाभ यह भी है कि नागरिक अपनी जानकारी को अच्छी तरह जांचने और सत्यापित करने के बाद दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सभी को इस सुविधा का लाभ उठाना चाहिए।

 

महापौर ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की भावी विकास योजनाओं और नीतियों का महत्वपूर्ण आधार है। सटीक आंकड़ों से सरकार को जनसंख्या की जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाने और उनका प्रभावी क्रियान्वयन करने में मदद मिलती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भी जनभागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी स्व-गणना के तहत अपना विवरण दर्ज करा चुके हैं। महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 30 नवंबर तक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement