*भाई दूज मनाकर लौट रही मां-बेटी समेत तीन की सड़क हादसे में मौत, 400 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो मैक्स* *हरड़ा के पास देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, गुरुवार सुबह राहगीरों ने खाई में देखा दुर्घटनाग्रस्त वाहन* *मृतक मां-बेटी और वाहन चालक हरड़ा गांव के निवासी, रेस्क्यू अभियान में जुटी पुलिस टीम*

अल्मोड़ा। जिले के सेराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर हरड़ा के पास बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बोलेरो मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मां-बेटी समेत वाहन चालक की मौत हो गई। तीनों हरड़ा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मां-बेटी भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो मैक्स से वापस अपने गांव हरड़ा लौट रही थीं। इसी दौरान हरड़ा के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि मां-बेटी और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

रात के अंधेरे में दुर्घटना की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे राहगीरों की नजर सड़क से नीचे खाई में गिरे दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

करीब 400 मीटर गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू टीम को शवों को बाहर निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। भाई दूज का त्योहार मनाकर घर लौट रही मां-बेटी की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement