*रेलवे अधिकारियों के रवैये से नाराज विधायक बेहड़ ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी* *25 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय में 24 घंटे का धरना, 26 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी*

*रेलवे अधिकारियों के रवैये से नाराज विधायक बेहड़ ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी*

 

*25 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय में 24 घंटे का धरना, 26 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी*

 

नगला रेलवे स्टेशन पर बंद पैदल रास्ता खुलवाने और नगला व किच्छा में अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन, रेलवे अधिकारियों को भेंट की प्रतीकात्मक चूड़ियां

 

किच्छा। नगला, जवाहर नगर, बिंदुखत्ता और शांतिपुरी क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में नगला रेलवे स्टेशन स्थित शनि मंदिर के समीप रेलवे विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बंद किए गए पैदल रास्ते को दोबारा खुलवाने तथा नगला रेलवे स्टेशन और किच्छा में अंडरपास निर्माण की मांग उठाई गई।

 

धरना-प्रदर्शन के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ और क्षेत्र की महिलाओं ने रेलवे अधिकारियों के रवैये के विरोध में उन्हें प्रतीकात्मक रूप से चूड़ियां भेंट कीं। विधायक ने स्टेशन अधीक्षक और मौके पर मौजूद आरपीएफ इंस्पेक्टर से चूड़ियों को ट्रेन के माध्यम से बरेली स्थित डीआरएम कार्यालय तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे अधिकारी क्षेत्र की माताओं-बहनों की परेशानियों को नहीं समझ पा रहे हैं तो कम से कम उनकी सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए पैदल रास्ते की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

 

धरने को संबोधित करते हुए विधायक बेहड़ ने रेलवे अधिकारियों के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की गंभीर समस्या को लेकर दूसरी बार आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन रेलवे विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। यहां तक कि डीआरएम ने वार्ता के लिए किसी जिम्मेदार अधिकारी को भी मौके पर नहीं भेजा।

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की महिलाएं रोजाना घास लेकर रेलवे लाइन पार करने को मजबूर हैं। रेलवे क्रॉसिंग पर कई-कई ट्रेनें खड़ी रहने के कारण ग्रामीणों को रास्ता पार करने में परेशानी होती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद रेलवे विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

 

विधायक ने रेलवे विभाग को 14 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि इस अवधि में नगला रेलवे स्टेशन के पास और किच्छा शहर में रेलवे फाटक के निकट अंडरपास निर्माण अथवा पैदल रास्ता खोलने के संबंध में ठोस निर्णय लिया जाए। साथ ही किच्छा अंडरपास निर्माण की स्वीकृति से संबंधित पत्र भी उपलब्ध कराया जाए। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर 25 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय में 24 घंटे का धरना दिया जाएगा। इसके बाद भी सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 26 नवंबर से आंदोलन अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा।

 

बेहड़ ने बताया कि किच्छा अंडरपास निर्माण की फाइल भी जिलाधिकारी के माध्यम से डीआरएम कार्यालय भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के अधिकारों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए वह लंबा संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आगामी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि जब तक ग्रामीणों को सुरक्षित रास्ता और अंडरपास की सुविधा नहीं मिल जाती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

 

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, नगला नगर अध्यक्ष हरिओम चौहान, जनार्दन सिंह, ललित कांडपाल, राजेंद्र सिंह, कैलाश जोशी, जगदीश, कुंदन अधिकारी, चंदन सिंह, गोविंद सिंह बिष्ट, नंदा बल्लभ जोशी, नवीन भट्ट, मेजर सिंह, प्रभा लोहनी, गीता देवी, जानकी देवी, नंदकिशोर पाठक, जुबैर खान, फजील खान, इदरीश, मनोहर वाल्मीकि, मुकेश सिंह, पंकज पांडे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement