*मुख्यमंत्री ने किया स्वदेशी दिवाली मेले का शुभारंभ* – *स्टालों का निरीक्षण कर लघु व्यापारियों से की बातचीत, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर दिया जोर* – *महापौर विकास शर्मा की पहल पर गांधी पार्क में आयोजित हुआ मेला*

*मुख्यमंत्री ने किया स्वदेशी दिवाली मेले का शुभारंभ*

 

– *स्टालों का निरीक्षण कर लघु व्यापारियों से की बातचीत, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर दिया जोर*

– *महापौर विकास शर्मा की पहल पर गांधी पार्क में आयोजित हुआ मेला*

 

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गांधी पार्क में नगर निगम की ओर से आयोजित स्वदेशी दिवाली मेले का विधिवत शुभारंभ किया। ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा में शामिल होने के लिए रुद्रपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने जनसभा से पूर्व मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर स्थानीय लघु व्यापारियों से बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया।

 

मुख्यमंत्री ने मेले में स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए उत्पादों, दीपावली की सजावटी वस्तुओं और अन्य स्वदेशी सामान के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने व्यापारियों से उनके उत्पादों और कारोबार के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देना और स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के साथ ही आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

 

उल्लेखनीय है कि महापौर विकास शर्मा की पहल पर पिछले वर्ष भी नगर निगम की ओर से गांधी पार्क में स्वदेशी मेले का आयोजन किया गया था। पिछले वर्ष मिले सकारात्मक परिणामों को देखते हुए इस बार भी दीपावली के अवसर पर मेले का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य छोटे और लघु व्यापारियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वदेशी दिवाली मेले के माध्यम से स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही उन्हें त्योहार के दौरान कारोबार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है।

 

उन्होंने कहा कि गांधी पार्क में मेले के आयोजन से छोटे व्यापारियों को एक निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने का अवसर मिला है। इससे शहर की प्रमुख सड़कों और बाजारों में लगने वाली ठेलियों को व्यवस्थित करने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। नगर निगम का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलें और स्थानीय व्यापार को भी प्रोत्साहन मिले।

Advertisement
Advertisement
Advertisement