*मशाल जलाकर विधायक शिव अरोरा ने किया राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ* *13 जनपदों के 1250 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, तीन नवंबर तक चलेगी प्रतियोगिता*

*मशाल जलाकर विधायक शिव अरोरा ने किया राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ*

 

*13 जनपदों के 1250 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, तीन नवंबर तक चलेगी प्रतियोगिता*

 

रुद्रपुर। मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को राज्य स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 13 जनपदों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। तीन नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में करीब 1250 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

 

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की खेल नीति खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ प्रतिभाग करना है। विद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने वाले यही खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

 

विधायक ने कहा कि मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन रुद्रपुर के लिए गौरव की बात है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय बच्चों को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी और शहर खेल गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।

 

प्रतियोगिता एक से तीन नवंबर तक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के सभी 13 जनपदों के अलावा स्पोर्ट्स स्टेडियम देहरादून की टीम भी हिस्सा ले रही है। प्रतियोगिता में करीब 1250 खिलाड़ी और 150 प्रशिक्षक शामिल हो रहे हैं। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राएं अलग-अलग एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

 

समारोह के दौरान श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज और गुरु नानक बालिका इंटर कॉलेज, रुद्रपुर की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

 

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्र, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा हिमांशु कुमार श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी संवेद आलम, प्रधानाचार्य आमोद सक्सेना, ज्योतिराज, प्रीति गोयल, हरीश दनाई, संजीव बुधोरी, मोहन उपाध्याय, धीरज पांडे, दिनेश सिंह, गोविंद नारायण शर्मा, राजकुमार चौधरी, दीपक शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement