*विधायक तिलक राज बेहड़ ने दरऊ में 25.52 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण*
*कहा- बिना भेदभाव हर गांव तक पहुंचाएंगे विकास, किच्छा-दरऊ मार्ग के सुधारीकरण पर खर्च होंगे दो करोड़ रुपये*
किच्छा। विधायक तिलक राज बेहड़ ने ग्राम दरऊ में विधायक निधि से 25.52 लाख रुपये की लागत से कराए गए चार विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने फीता काटकर और नारियल फोड़कर निर्माण कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया तथा विकास कार्यों के लिए आभार जताया।
लोकार्पित कार्यों में ग्राम दरऊ के मुख्य मार्ग के पास मरहूम हाजी मोहम्मद सरवत यार खान द्वार का 11.02 लाख रुपये की लागत से निर्माण, कब्रिस्तान में 4.50 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, मजार मंडिया में पांच लाख रुपये की लागत से टीनशेड एवं फर्श निर्माण तथा आंबेडकर पार्क में पांच लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है।
इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ अल्पसंख्यक समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर भी लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छिनकी और दरऊ के दो कब्रिस्तानों में सौंदर्यीकरण के कार्य पूरे कराए जा चुके हैं, जबकि कच्ची खमरिया, लालपुर और कुर्रेय्या के तीन कब्रिस्तानों में कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने बताया कि ग्राम सैजना में भी करीब 21 लाख रुपये की लागत से कब्रिस्तान में सौंदर्यीकरण और अन्य निर्माण कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है। इन कार्यों को 15 से 20 दिन के भीतर शुरू कराने का प्रयास है। इसके अलावा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए तीन अन्य कार्यों की स्वीकृति दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि किच्छा-दरऊ चौक से ग्राम दरऊ तक आठ किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य करीब दो करोड़ रुपये की लागत से जल्द शुरू कराया जाएगा। सड़क के सुधारीकरण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्या का समाधान हो सकेगा।
बिना भेदभाव विकास कराना कांग्रेस की प्राथमिकता
कार्यक्रम के बाद सभा को संबोधित करते हुए बेहड़ ने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएं। जनता की मांग और जरूरत के अनुसार सड़क, सौंदर्यीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने भाजपा पर मुस्लिम क्षेत्रों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और विकास की सोच के साथ काम करती है। उन्होंने कहा कि हिंदू, मुस्लिम और सिख समुदाय के गांवों में विकास कार्य कराए गए हैं। गुरुद्वारों के लिए भी धनराशि दी गई है और कई मंदिरों में विकास कार्य कराए गए हैं। कांग्रेस विकास और आपसी भाईचारे की पक्षधर है।
कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान
विधायक बेहड़ ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से पूरी सक्रियता और एकजुटता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के साथ कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी सरवर यार खान, किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य के पति मेजर सिंह, दर्शन कोली, गुड्डू तिवारी, नासिर खान, विजय यादव, फजील खान, सादाब, कामरान खान, मुख्त्यार खान, मोंटी, सभात यार खान, अफसार अली, जाकिर, सदाकत खान, राम सिंह, जिद यार खान, रिजाकत खान, धारा सिंह, आतिफ खान, सरन परेवाल, डिम्पल सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


