*मन की बात में पीएम मोदी ने स्थानीय उत्पादों और मिलेट्स की खेती को बढ़ावा देने पर दिया जोर*
भारत भूषण चुघ के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना प्रधानमंत्री का संबोधन
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत भूषण चुघ ने रविवार को वार्ड नंबर आठ के बूथ संख्या 42 पर भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी गिरीश राठौर के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में सीमित संसाधनों के बावजूद सफलता हासिल करने वाले युवाओं और महिलाओं के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में लोग अपनी मेहनत, लगन और नवाचार के बल पर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने त्योहारों के मौसम में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की अधिक से अधिक खरीदारी करने से देश के कारीगरों, छोटे उद्यमियों और उत्पादकों को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।
पीएम मोदी ने मिलेट्स यानी मोटे अनाज की खेती को प्रोत्साहित करने के साथ ही इन्हें दैनिक आहार में शामिल करने पर भी जोर दिया। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में हो रही खेती और कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही पंजाब के मालवा क्षेत्र में कपास की खेती की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कृषि उत्पादन को और बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विभिन्न राज्यों में कृषि विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर भी बल दिया।
इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सतपाल गंगवार, प्रेमपाल गंगवार, राजेंद्र राठौड़, गणपत सैनी, राम अवतार शर्मा, रूप किशोर, अवनीश राठौर, हरिओम, शिवम, अमन, अरुण और वेद प्रकाश सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


