*अटरिया मोड़-इंदिरा कॉलोनी सड़क के लिए बजट स्वीकृत, महापौर का अभिनंदन*
*महापौर बोले- जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य, क्षेत्र की कनेक्टिविटी होगी बेहतर*
रुद्रपुर। अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत होने पर सिंह कॉलोनी में महापौर विकास शर्मा का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण की दिशा में हुई पहल पर खुशी जताई और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से अटरिया चौक से इंदिरा कॉलोनी तक सड़क निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। यह सड़क इंदिरा कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी, सिंह कॉलोनी और मलिक कॉलोनी के साथ ही छतरपुर, मटकोटा व भूरारानी क्षेत्र के लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी। सड़क बनने से जिला मुख्यालय और मेडिकल कॉलेज तक आवागमन आसान होगा तथा लोगों के समय की बचत होगी।
महापौर ने कहा कि इस सड़क की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। किसान संगठनों की बैठकों में भी किसानों और व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा गया था। वर्तमान में क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सड़क बनने से किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत डीपीआर, ड्राइंग और डिजाइन तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रथम चरण में यूटिलिटी शिफ्टिंग के साथ एस्टीमेट, ड्राइंग और डिजाइन तैयार करने के लिए शासन ने 16 लाख 90 हजार रुपये की स्वीकृति देते हुए धनराशि जारी कर दी है। महापौर ने उम्मीद जताई कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
महापौर ने कहा कि अटरिया चौक से सिंह कॉलोनी रोड, भूरारानी रोड और गंगापुर रोड सहित अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों कराने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अनिल चौहान और क्षेत्रवासियों का आभार जताया।
कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने कहा कि सड़क निर्माण से लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का समाधान होगा और लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस दौरान ठाकुर जगदीश सिंह, राकेश सिंह, पार्षद सुशील चौहान, पार्षद पवन राणा, पार्षद वीनू, पार्षद प्रतिनिधि सचिन मुंजाल, आदेश राणा, राजेंद्र रावत, दीपक लुहाच, महावीर कश्यप, विजय चौधरी, हरेंद्र चहल, हुकुम सिंह, प्रशांत सिंह, हिमांशु चौहान, खूब सिंह, अजेंद्र कुमार, सुंदर लाल, रामावतार, सोनू, अंकुश अग्रवाल, गोविंद शर्मा, अजय कुमार और हीरा बल्लभ पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


