*नवरात्र पर नौ दिन बंद रहेगी मांस की बिक्री, चौड़ीकरण की जद में आए मंदिरों का होगा पुनर्निर्माण: विकास शर्मा*
*विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मुलाकात में महापौर ने दिया आश्वासन, चार मंदिरों को उचित स्थान पर किया जाएगा पुनर्स्थापित*
रुद्रपुर। नवरात्र पर्व के दौरान नगर निगम क्षेत्र में नौ दिनों तक कच्चे और पके मांस की बिक्री बंद रहेगी। वहीं, सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे चार मंदिरों को उचित स्थान पर पुनर्स्थापित कर उनका भव्य पुनर्निर्माण कराया जाएगा। यह घोषणा महापौर विकास शर्मा ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान की।
हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने महापौर से नवरात्र में मांस की बिक्री पर रोक लगाने और सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित मंदिरों के पुनर्स्थापन की मांग की थी। इस पर महापौर ने कहा कि धार्मिक आस्थाओं और परंपराओं का सम्मान करते हुए नवरात्र के सभी नौ दिनों में नगर निगम क्षेत्र में मांस की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान कच्चा या पका मांस बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने कहा कि नवरात्र आस्था और श्रद्धा का पर्व है। नगर निगम का प्रयास है कि धार्मिक पर्वों के दौरान लोगों की भावनाओं का सम्मान हो और शहर में शांति, सौहार्द व स्वच्छता का वातावरण बना रहे।
चार मंदिरों का होगा पुनर्स्थापन
सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित मंदिरों के संबंध में महापौर ने कहा कि शहर के विकास के साथ धार्मिक स्थलों और आस्थाओं का सम्मान भी जरूरी है। सड़क चौड़ीकरण का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और शहर के विकास को गति देना है। ऐसे में जिन मंदिरों को स्थानांतरित करने की आवश्यकता है, उन्हें उपेक्षित नहीं छोड़ा जाएगा। आसपास उचित स्थान तलाशकर उनका भव्य निर्माण कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालु पहले की तरह पूजा-अर्चना कर सकें।
उन्होंने बताया कि नैनीताल रोड स्थित झाड़ी बाबा मंदिर, विश्वकर्मा मंदिर, गुरुनानक स्कूल के सामने स्थित घंटाघर वाला मंदिर और इंडेन गैस एजेंसी के पास स्थित मंदिर सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे हैं। इन चारों मंदिरों को उचित स्थान पर पुनर्स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और विकास के कार्य किए जा रहे हैं। रुद्रपुर में भी विकास कार्यों से प्रभावित मंदिरों का बेहतर तरीके से पुनर्निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान धार्मिक स्थलों का स्थान बदलने की आवश्यकता पड़ना किसी धर्म की आस्था की अनदेखी करना नहीं है। शहर का विकास और धार्मिक परंपराओं का सम्मान साथ-साथ चलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मंदिरों के पुनर्स्थापन के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में परेशानी न हो और मंदिरों का स्वरूप भी बेहतर बनाया जा सके। विकास कार्यों को राजनीतिक दृष्टिकोण से देखने के बजाय शहर के समग्र विकास और धार्मिक स्थलों के बेहतर निर्माण पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने महापौर का आभार जताया। मुलाकात करने वालों में विहिप अध्यक्ष सचिन शर्मा, नगर संयोजक प्रिंस कोली, नगर उपाध्यक्ष अजय पाल, नगर मंत्री सदेहव दास गुप्ता, यश चौहान, जोगिंदर चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


