*मानव तस्करी पर कसेगा शिकंजा, पंतनगर में आज राज्यस्तरीय मंथन* *आईजी कुमाऊं और एसएसपी ने गांधी हॉल का निरीक्षण कर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश*

*मानव तस्करी पर कसेगा शिकंजा, पंतनगर में आज राज्यस्तरीय मंथन*

*आईजी कुमाऊं और एसएसपी ने गांधी हॉल का निरीक्षण कर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश*

रुद्रपुर। मानव तस्करी जैसे गंभीर और संगठित अपराध की रोकथाम, नियंत्रण और उन्मूलन को लेकर शुक्रवार को पंतनगर विश्वविद्यालय के गांधी हॉल में राज्यस्तरीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया। आईजी कुमाऊं ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन में शामिल होने वाले अतिथियों और अधिकारियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को भी कहा।

एसएसपी अजय गणपति ने भी संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा।

मानव तस्करी की रोकथाम पर बनेगी प्रभावी रणनीति

राज्यस्तरीय सेमिनार में मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण एवं पुनर्वास, तस्करी के संगठित नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और विभिन्न विभागों व एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर मंथन किया जाएगा। विशेषज्ञ और संबंधित अधिकारी मानव तस्करी के बदलते स्वरूप, मौजूदा चुनौतियों, प्रभावी पुलिसिंग और जनजागरूकता जैसे विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।

सभी इकाइयों में समन्वय पर जोर

निरीक्षण के दौरान आईजी कुमाऊं और एसएसपी ने अधिकारियों को आयोजन की गरिमा और महत्व के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए। साथ ही सेमिनार को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पुलिस इकाइयों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

मानव तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में राज्यस्तरीय सेमिनार को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement