*आंगन मिलन में मीना शर्मा ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों को बांटी फल-बिस्किट की टोकरी* *मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका: मीना शर्मा*

आंगन मिलन कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं और बच्चों को बांटी फल व बिस्किट की टोकरी

रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने आंगन मिलन कार्यक्रम के तहत एक दर्जन से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों का दौरा कर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को फलों की टोकरी व बिस्किट के पैकेट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को पीत वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया।

शुक्रवार को गंगापुर रोड स्थित गन्ना विकास भवन के पीछे आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 3/5 और 3/6 में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मीना शर्मा ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। केंद्र की संचालिकाओं और सहायिकाओं ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर मीना शर्मा ने आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिकाओं पूनम मिस्त्री, सीमा सरकार तथा सहायिकाओं को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

मीना शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से देश और प्रदेश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, गर्भवती महिलाएं और अन्य लाभार्थी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement