*विजयदशमी बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक: भारत भूषण चुघ*
*गुरु गोरखनाथ मंदिर प्रांगण में रावण दहन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर*
रुद्रपुर। विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें जीवन में सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह बात भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण चुघ ने वार्ड नंबर 25 स्थित फाजलपुर महरौली के प्रीत विहार फेस-5 में श्री गुरु गोरखनाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित दशहरा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
कार्यक्रम के दौरान राम-रावण युद्ध का मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम द्वारा रावण का वध किए जाने के साथ ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद रावण के पुतले का दहन किया गया। उपस्थित लोगों ने उत्साह और उल्लास के साथ विजयदशमी का पर्व मनाया।
भारत भूषण चुघ ने कहा कि लंकापति रावण तीनों लोकों में शक्तिशाली राजा माना जाता था, लेकिन अहंकार और मद में चूर होकर उसने माता सीता का अपहरण किया। इसी अहंकार और अधर्म के कारण अंततः रावण और उसके कुल का विनाश हुआ। उन्होंने कहा कि रावण का अंत संदेश देता है कि मनुष्य को कभी भी अहंकार, बुराई और असत्य का सहारा नहीं लेना चाहिए। सभी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए एक स्वस्थ, संस्कारित और बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता यादव महासभा के अध्यक्ष अरविंद यादव ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राजवीर सिंह सहित राजन, बीएल यादव, बालकृष्ण, जितेंद्र यादव, महंत बाबूराम, जानकी प्रसाद, छोटेलाल, बुटन प्रसाद, राधे, सोनू, राम सिंह, प्रमोद वर्मा, राजेश पासवान, विजय यादव, सुदामा, कैलाश, छोटू, नन्हे, संजय गुप्ता, लखन, रोहित, अंकित, राजा, राहुल, आशीष, शुभम, उमेश, सूरज और गौरव समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


