*सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने परिजनों को बंधाया ढांढस*
*पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर जताई संवेदना, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग*
रुद्रपुर। बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में रुद्रपुर और किच्छा क्षेत्र के 11 लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे की सूचना मिलने पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला रुद्रपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान राजेश शुक्ला ने संबंधित पुलिस अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने पर जोर दिया।
पूर्व विधायक ने कहा कि एक ही सड़क हादसे में 11 लोगों की असामयिक मृत्यु बेहद दुखद और हृदयविदारक है। इस हादसे ने कई परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सभी को पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभागों से सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की अपील की, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


