*मायावती ने बसपा संगठन में किया बड़ा फेरबदल, तीन सेक्टरों में बांटा देश*
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। उन्होंने देशभर के संगठन को तीन सेक्टरों में बांटते हुए अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड वाले सेक्टर की कमान मायावती ने खुद अपने हाथ में रखी है।
पार्टी के नए संगठनात्मक ढांचे के तहत सेक्टर-1 में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को शामिल किया गया है। इसकी निगरानी मायावती स्वयं करेंगी, जबकि लखनऊ स्थित केंद्रीय कार्यालय भी संगठन की गतिविधियों पर नजर रखेगा।
सेक्टर-2 में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड समेत 10 राज्यों को शामिल किया गया है। इस सेक्टर की जिम्मेदारी रामजी गौतम और सुरेश राव को सौंपी गई है।
वहीं सेक्टर-3 में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल समेत नौ राज्यों को रखा गया है। इस सेक्टर की जिम्मेदारी राजाराम और अतर सिंह राव को दी गई है।
इससे पहले मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से बाहर करने के बाद अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी थी। 23 सितंबर को लखनऊ में हुई पार्टी की बैठक में ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कोऑर्डिनेटर) बनाया गया था। संगठन में किए गए ताजा बदलाव को आगामी चुनावों से पहले बसपा की संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


