*चुनाव आयोग पर सवालों को लेकर धामी का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- भ्रम फैलाने की कोशिश*

*चुनाव आयोग पर सवालों को लेकर धामी का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- भ्रम फैलाने की कोशिश*

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव आयोग के खिलाफ एक नैरेटिव खड़ा करने और जनता में भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है और उसके संबंध में उठाए जाने वाले सवाल तथ्यों पर आधारित होने चाहिए।

प्रेसवार्ता में धामी ने कहा कि चुनाव आयोग के तीनों आयुक्त स्पष्ट कर चुके हैं कि 24 जून 2025 को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया था। ऐसे में आयोग के निर्णय को मतभेद के रूप में प्रस्तुत करना उचित नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन कांग्रेस लगातार विभिन्न मुद्दों पर गलत दावे कर रही है। उनके अनुसार कांग्रेस के पास ठोस मुद्दों की कमी है और वह जनता का विश्वास खो चुकी है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए धामी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर रहते हुए उनसे अधिक गंभीरता की अपेक्षा की जाती है।

धामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी चुनावी हार की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय कभी मतदाता सूची और कभी संवैधानिक संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराती है। उन्होंने हल्द्वानी की घटना का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर उसे जातीय रंग देने और समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की रही है। ऐसे में हर मुद्दे को जातीय नजरिए से देखना उचित नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के पूर्व शासनकाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल की पहचान विकास से अधिक घोटालों और भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़ी रही है। सरकारें और समय भले बदल गए हों, लेकिन कांग्रेस के पुराने कार्यों को लेकर जनता की स्मृतियां आज भी बनी हुई हैं।

प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग की संवैधानिक भूमिका, एसआईआर को लेकर उठाए जा रहे सवालों और कांग्रेस की राजनीतिक प्रतिक्रिया समेत विभिन्न मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement