*मानसून की विदाई से पहले उत्तराखंड में झमाझम बारिश, कई मार्ग बंद* *कुमाऊं में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, भूस्खलन और पत्थर गिरने से यातायात बाधित*

*मानसून की विदाई से पहले उत्तराखंड में झमाझम बारिश, कई मार्ग बंद*

*कुमाऊं में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, भूस्खलन और पत्थर गिरने से यातायात बाधित*

हल्द्वानी/नैनीताल। मानसून की विदाई से पहले उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश ने जोर पकड़ लिया है। शुक्रवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। खासकर कुमाऊं मंडल में मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने के कारण सड़कें बाधित हो गई हैं। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने रविवार को देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग बाधित

नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग डोलमार और ज्योलीकोट क्षेत्र में बाधित हो गया। सड़क पर मलबा और पत्थर आने से यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

पिथौरागढ़ में 13 सड़कें बंद

पिथौरागढ़ जिले में बारिश के बाद घाट क्षेत्र में लगातार पत्थर गिरने से मार्ग बाधित हैं। जिले में कुल 13 सड़कों के बंद होने की सूचना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है।

बागेश्वर में हाईवे पर मलबा, वाहनों की कतार

बागेश्वर जिले में कांडा-खाईखाल के पास पहाड़ी से मलबा और पत्थर सड़क पर आने से गरुड़-बागेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मार्ग बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

चंपावत में 130 मिलीमीटर बारिश

पिछले 24 घंटे में चंपावत जिले के बनबसा में सबसे अधिक 130 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। टनकपुर में 113 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग फिलहाल सुचारू है, लेकिन तीन ग्रामीण सड़कें बंद हैं।

ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, ठंड बढ़ी

उत्तरकाशी जिले के सभी तहसील क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम से लगी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग दुर्बिल के पास पत्थर गिरने से बाधित हुआ है। मार्ग खोलने के लिए एनएच की मशीनरी मौके पर भेजी गई है।

खराब मौसम के चलते चारधाम यात्रा रोकी

लगातार खराब मौसम, बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी को देखते हुए चारधाम यात्रा भी रोक दी गई है। प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा की योजना बनाने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले समय में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। देहरादून, पौड़ी और टिहरी में अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि अन्य जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है। कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement