*ऊंची चोटियों पर हिमपात, यमुनोत्री-हेमकुंड में बदला मौसम का मिजाज*
*रेड अलर्ट के बीच यमुनोत्री-गंगोत्री यात्रा अस्थायी रूप से रोकी, प्रशासन अलर्ट*
उत्तरकाशी/चमोली। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। यमुनोत्री धाम और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई। वहीं, हेमकुंड साहिब क्षेत्र में भी जमकर हिमपात होने से पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। बारिश और बर्फबारी के चलते धामों में ठंड बढ़ गई है।
यमुनोत्री धाम और यमुना घाटी में शनिवार सुबह से झमाझम बारिश होती रही। धाम के आसपास की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। टॉप, सप्त ऋषि कुंड, बंदरपूंछ और गरुड़ गंगा क्षेत्र में भी हिमपात की सूचना है। मौसम के बदले मिजाज के बीच श्रद्धालु यमुनोत्री धाम पहुंच रहे हैं।
यमुना मंदिर के पुजारी गिरीश उनियाल ने बताया कि मौसम बदलने के बाद धाम में ठंड काफी बढ़ गई है। बर्फ से ढकी पहाड़ियां और बारिश के बीच यमुनोत्री धाम का प्राकृतिक सौंदर्य देखते ही बन रहा है।
हेमकुंड साहिब में आधा फीट से अधिक बर्फ
उधर, चमोली जिले में स्थित हेमकुंड साहिब क्षेत्र में भी शनिवार को बर्फबारी हुई। यहां आधा फीट से अधिक बर्फ जमने की सूचना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुलिस और एसडीआरएफ के जवान तैनात हैं। जवान श्रद्धालुओं की आवाजाही में मदद करने के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं।
रेड अलर्ट के चलते यमुनोत्री-गंगोत्री यात्रा रोकी
मौसम विभाग की ओर से भारी से अत्यंत भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। हीना और डोबाटा होल्डिंग प्वाइंट पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को मौसम की स्थिति सामान्य होने तक अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की यात्रा फिलहाल सुचारू बताई गई है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और स्मार्ट कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सभी तहसीलों से बारिश और भूस्खलन से संबंधित सूचनाएं लगातार जुटाई जा रही हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की स्थिति पर लाइव सीसीटीवी के माध्यम से भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल सड़क खोलने के निर्देश दिए हैं। सभी तहसीलों को अलर्ट रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल देने को कहा गया है।
सीएम ने 24 घंटे अलर्ट रहने के दिए निर्देश
मौसम विभाग के रेड अलर्ट के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सचिव आपदा प्रबंधन से वार्ता कर संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की सभी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को सक्रिय रखने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का तत्काल स्थानीय स्तर तक प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 4,000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की संभावना भी जताई है।


