*जमीन की नापजोख के एवज में 30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार*

*जमीन की नापजोख के एवज में 30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार*

धारी/हल्द्वानी। नैनीताल जिले की धारी तहसील में विजिलेंस टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर भूमि की नापजोख के एवज में एक ग्रामीण से रिश्वत मांगने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके हल्द्वानी स्थित आवास पर भी छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम मौड़ा, तहसील धारी निवासी एक ग्रामीण ने कुछ दिन पूर्व विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि क्षेत्र के पटवारी द्वारा भूमि की नापजोख के लिए उससे रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत मिलने पर विजिलेंस सेक्टर नैनीताल, हल्द्वानी की टीम ने मामले की जांच की। प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी पटवारी निर्मल बोरा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप टीम गठित की गई।

शनिवार को विजिलेंस टीम ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को तहसील क्षेत्र में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एसपी विजिलेंस दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही उसके हल्द्वानी स्थित आवास पर भी विजिलेंस टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है। वहीं, विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने ट्रैप टीम में शामिल सदस्यों को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement