*किच्छा-सिरौलीकलां में मतगणना का रास्ता साफ, हाईकोर्ट ने हटाई रोक*
*25 सितंबर को मतगणना होने की संभावना, आयोग के नए नोटिफिकेशन का इंतजार*
किच्छा। किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई में गुरुवार को नया मोड़ आ गया। निर्वाचन आयोग के मतगणना अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने के फैसले को हाईकोर्ट की डबल बेंच में चुनौती दी गई। मामले की सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ ने मतगणना पर लगी रोक हटा दी और नए नोटिफिकेशन के तहत मतगणना कराने के आदेश दिए।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद दोनों नगर पालिकाओं में मतगणना का रास्ता साफ होने की उम्मीद जगी है। सूत्रों के अनुसार, निर्वाचन आयोग शुक्रवार 25 सितंबर को किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना करा सकता है। हालांकि, मतगणना की तारीख और समय को लेकर स्थिति आयोग के नए नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
गौरतलब है कि किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव के लिए 22 सितंबर को मतदान हुआ था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 सितंबर को मतगणना होनी थी, लेकिन दोनों नगर पालिकाओं के गठन और चुनाव प्रक्रिया को लेकर हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन होने के चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने अग्रिम आदेशों तक मतगणना स्थगित कर दी थी।
मतगणना स्थगित होने से दोनों निकायों में अध्यक्ष और सभासद पद के प्रत्याशियों के परिणाम अटक गए थे। मतदान के बाद प्रत्याशी और उनके समर्थक परिणाम का इंतजार कर रहे थे, लेकिन आयोग के फैसले से असमंजस की स्थिति बन गई थी। अब हाईकोर्ट की डबल बेंच के आदेश के बाद परिणाम घोषित होने की उम्मीद बढ़ गई है। आयोग के नए नोटिफिकेशन के बाद मतगणना की प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।


