*ट्रांजिट कैंप में दो युवकों पर तलवारों से हमला, फायरिंग की सूचना से मचा हड़कंप*

*ट्रांजिट कैंप में दो युवकों पर तलवारों से हमला, फायरिंग की सूचना से मचा हड़कंप*

रुद्रपुर। नगर निगम क्षेत्र के ट्रांजिट कैंप स्थित गोलमड़िया चौराहे पर सोमवार देर रात दो युवकों पर अज्ञात हमलावरों ने तलवारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के दौरान फायरिंग किए जाने की सूचना भी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे केतु और अनमोल विश्वास गोलमड़िया चौराहे के पास मौजूद थे। इसी दौरान सरकारी शराब की दुकान के पास पहुंचे अज्ञात लोगों ने दोनों पर तलवारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवकों के सिर पर तलवार से वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान मौके पर फायरिंग होने की सूचना भी सामने आई। हालांकि फायरिंग किसने की और उसका हमले से क्या संबंध है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। वारदात के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
लोगों ने दोनों घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए देर रात सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। दोनों की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही थी।
घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमलावरों और दोनों युवकों के बीच पहले से कोई विवाद था या किसी अन्य कारण से विवाद हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और फायरिंग की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। देर रात हुई इस वारदात से क्षेत्र में लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
Advertisement
Advertisement
Advertisement