*सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: धामी* *15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश*

*सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: धामी*

*15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश*
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनशिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों को लंबित रखना या महज औपचारिक कार्रवाई करना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा में समाधान सुनिश्चित करने के साथ संबंधित अधिकारी इसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी लें।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कई शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान की वास्तविक स्थिति जानी। जिन मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई थी, उन्हें गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, निस्तारित शिकायतों के संबंध में शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया गया। कई शिकायतकर्ताओं ने सीएम हेल्पलाइन-1905 के माध्यम से मिली त्वरित सहायता के लिए राज्य सरकार का आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को सड़कों की स्थिति में सुधार को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
धामी ने कहा कि जनता की शिकायतों का प्रभावी समाधान सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सीएम हेल्पलाइन-1905 पर दर्ज प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से निगरानी की जाएगी। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
Advertisement
Advertisement
Advertisement