*रामलीला और दशहरा मेले की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखेगा नगर निगम* *श्रीराम लीला कमेटी ने महापौर से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन, गांधी पार्क में होगा दशहरा मेला*

*रामलीला और दशहरा मेले की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखेगा नगर निगम*

*श्रीराम लीला कमेटी ने महापौर से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन, गांधी पार्क में होगा दशहरा मेला*
रुद्रपुर। आगामी रामलीला मंचन और दशहरा मेले की तैयारियों को लेकर श्रीराम लीला कमेटी के पदाधिकारियों ने सोमवार को महापौर विकास शर्मा से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की। पदाधिकारियों ने आयोजन के दौरान नगर निगम से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर महापौर को ज्ञापन सौंपा। महापौर ने रामलीला मंचन से लेकर दशहरा मेले तक निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि शहर की प्रमुख और पुरानी श्रीराम लीला का मंचन इस बार भी रोडवेज स्टेशन के सामने स्थित रामलीला मैदान में किया जाएगा। रामलीला देखने के लिए शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। विजयादशमी पर परंपरागत रूप से गांधी पार्क में दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा।
कमेटी के अनुसार इस वर्ष विजयादशमी 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी। शाम चार बजे से गांधी पार्क में दशहरा उत्सव आयोजित होगा। इस दौरान बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों के लिए कमेटी ने 15 से 21 अक्टूबर तक गांधी पार्क निशुल्क उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
ज्ञापन में गांधी पार्क में पेयजल, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने तथा पार्क के बाहर सड़क के दोनों ओर चूने से लाइनिंग कराने की मांग की गई।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि गांधी पार्क में सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। दशहरा मेले को देखते हुए 15 अक्टूबर तक पार्क को आयोजन के लिए खाली करा लिया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार से दूरभाष पर वार्ता कर निर्धारित समय तक पार्क खाली करने के निर्देश भी दिए।
महापौर ने कहा कि रामलीला और दशहरा हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं के महत्वपूर्ण पर्व हैं। आयोजन के दौरान सफाई, प्रकाश, पेयजल समेत आवश्यक व्यवस्थाओं में नगर निगम की ओर से कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि रामलीला भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य और धर्म का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। विजयादशमी हमें असत्य और अधर्म पर सत्य व धर्म की विजय का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर निगम शहर के मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगा। साथ ही प्रकाश व्यवस्था को भी दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान श्रीराम लीला कमेटी अध्यक्ष मनोज गाबा, महामंत्री सुशील गाबा, कोषाध्यक्ष सीए अमित गंभीर, समन्वयक राजेश छाबड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश शर्मा, उपाध्यक्ष देवी शंकर अग्रवाल, विजय अरोरा, हरीश अरोरा, महावीर आजाद, सचिव अमित अरोरा बॉबी, राकेश सुखीजा, अशोक गुम्बर, डायरेक्टर सुभाष खंडेलवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement
Advertisement