बिसोटा में नई पुलिस चौकी से सीमावर्ती क्षेत्र में बढ़ेगी निगरानी
नानकमत्ता। नानकसागर डैम पार सीमावर्ती बिसोटा गांव में नवीन पुलिस चौकी का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद चौकी का उद्घाटन किया। चौकी के अस्तित्व में आने से क्षेत्र में पुलिस की स्थायी मौजूदगी बढ़ेगी और अपराध तथा नशा तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
बिसोटा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए नई चौकी के माध्यम से सीमावर्ती मार्गों पर नियमित गश्त, वाहनों की चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। पुलिस का उद्देश्य नशा तस्करों के आवागमन पर प्रभावी रोक लगाने के साथ ही अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में नानकमत्ता क्षेत्र में अपराध और नशे के खिलाफ कई कार्रवाई की गई हैं। शस्त्र अधिनियम के तहत 13 मुकदमे दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 13 तमंचे व पांच चाकू बरामद किए गए। आबकारी अधिनियम के तहत 38 मामलों में 42 आरोपियों की गिरफ्तारी कर 1,218 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत 30 मुकदमे दर्ज कर 42 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 592.62 ग्राम स्मैक बरामद हुई। तीन आरोपियों के खिलाफ गुंडा अधिनियम में कार्रवाई की गई, जबकि स्मैक तस्करी में संलिप्त तीन आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई। एक आदतन अपराधी के खिलाफ PIT-NDPS के तहत निरुद्ध करने का प्रस्ताव भेजा गया है। दो आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई चल रही है।
साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट से जुड़े मामलों में भी पुलिस ने 17 मुकदमे दर्ज कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नई चौकी के जरिए सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और गश्त और मजबूत होने की उम्मीद है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से आसपास होने वाली नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।