*ब्रिक्स सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, आज मोदी से होगी द्विपक्षीय वार्ता* *रक्षा साझेदारी समेत द्विपक्षीय मुद्दों पर होगी चर्चा, 17 हजार से अधिक जवान सुरक्षा में तैनात*

*ब्रिक्स सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, आज मोदी से होगी द्विपक्षीय वार्ता*

*रक्षा साझेदारी समेत द्विपक्षीय मुद्दों पर होगी चर्चा, 17 हजार से अधिक जवान सुरक्षा में तैनात*
नई दिल्ली। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए। राजधानी में 12 और 13 सितंबर को होने वाले सम्मेलन से पहले पुतिन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शनिवार को द्विपक्षीय वार्ता होगी। वार्ता में रक्षा साझेदारी सहित भारत-रूस संबंधों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से पुतिन का भारत में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच बहुआयामी और दीर्घकालिक संबंध हैं, जो विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पर आधारित हैं। एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गोंडा सांसद केवी सिंह ने रूसी राष्ट्रपति का स्वागत किया।
नई दिल्ली जिला तीन दिन रहेगा सील
ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर नई दिल्ली जिले में 11 से 13 सितंबर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान केवल स्थायी निवासियों और अधिकृत कार्य से जुड़े लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। सम्मेलन की सुरक्षा में 17 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें करीब 15 हजार पुलिसकर्मी और दो हजार से अधिक अर्धसैनिक बल शामिल हैं।
मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम, प्रमुख होटलों और एयरपोर्ट समेत सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर डीसीपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती की गई है। विदेशी सुरक्षा एजेंसियों और केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। वीवीआईपी आवागमन के दौरान आधुनिक सर्विलांस सिस्टम और कमांड-कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।
ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध, इमरजेंसी टीमें रहेंगी तैनात
सुरक्षा के मद्देनजर निर्धारित क्षेत्रों में ड्रोन और अन्य अनधिकृत उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष इमरजेंसी रिस्पांस टीमें तैनात रहेंगी। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कई मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलेंगी, हालांकि सुरक्षा कारणों से कुछ स्टेशनों पर निकास को लेकर अस्थायी प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
दिल्ली की सीमाओं पर बढ़ी निगरानी
ब्रिक्स सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली-हरियाणा और दिल्ली-उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सिंघु, औचंदी और टीकरी बॉर्डर के अलावा गाजीपुर, चिल्ला, अप्सरा और भोपुरा बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही है।
बदरपुर और कालिंदी कुंज मार्ग पर फिलहाल सामान्य आवाजाही रही, लेकिन प्रमुख प्रवेश मार्गों पर विशेष नाकाबंदी और जांच की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर लोगों से सहयोग की अपील की है।
Advertisement
Advertisement
Advertisement