*तीन किशोरियों के लापता होने से मचा हड़कंप, राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे परिजन* *शिवनगर-लालपुर से तीन किशोरियां लापता, राजकुमार ठुकराल बोले—शीघ्र हो सकुशल बरामदगी*

तीन किशोरियों के एक साथ लापता होने से मचा हड़कंप

परिजनों ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचकर किया प्रदर्शन, सकुशल बरामदगी की मांग

रुद्रपुर। शिवनगर और लालपुर क्षेत्र से तीन किशोरियों के एक साथ लापता होने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। किशोरियों की बरामदगी की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में परिजनों और क्षेत्रवासियों ने रविवार को ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपते हुए किशोरियों को शीघ्र सकुशल बरामद करने की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी तहरीर में शिवनगर निवासी रोशनी रस्तौगी ने बताया कि 13 अगस्त को उनकी पुत्री नेहा नीलकंठ कॉलोनी फेस-1, लालपुर स्थित अपनी बुआ के घर गई थी। रात करीब आठ बजे जब वह अपने पति के साथ बेटी को लेने बुआ के घर पहुंचीं तो नेहा वहां नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने उसकी संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

परिजनों के मुताबिक तलाश के दौरान जानकारी मिली कि लालपुर नीलकंठ कॉलोनी निवासी माही रस्तौगी और अंजलि कश्यप भी अपने-अपने घरों से लापता हैं। परिजनों ने बताया कि उसी शाम करीब सात बजे नेहा की एक युवक से फोन पर बातचीत भी हुई थी। तीनों किशोरियों के एक साथ लापता होने से परिजन बेहद चिंतित हैं। उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर किशोरियों को सकुशल बरामद करने की मांग की।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि तीन किशोरियों का एक साथ लापता होना गंभीर मामला है। पुलिस को मामले की गहनता से जांच करते हुए किशोरियों की शीघ्र बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

पुलिस ने परिजनों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस टीमों ने किशोरियों की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों के साथ ही मामले से जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इस दौरान अशोक रस्तौगी, बबलू रस्तौगी, गीता गुप्ता, सौरभ रस्तौगी, राकेश रस्तौगी, अजय रस्तौगी, विशाल रस्तौगी, राजेश रस्तौगी, रवि रस्तौगी, अरविंद रस्तौगी, अर्जुन रस्तौगी, राजपाल रस्तौगी, रोशनी रस्तौगी, मोहन लाल, चंचल रस्तौगी, शालिनी, आशा, रेखा, सोमवती, रामवती, पुष्पा, दीवाकर, उमेश, सुरेश, विजय पाल, नारायण पाल आदि मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement