*स्वतंत्रता दिवस पर सीएनजी टेंपो यूनियन की तिरंगा रैली, 16 किमी परमिट व स्थायी स्टैंड की मांग*

Spread the love

*स्वतंत्रता दिवस पर सीएनजी टेंपो यूनियन की तिरंगा रैली, 16 किमी परमिट व स्थायी स्टैंड की मांग*

रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जन सेवा सहयोग पार्टी एवं सीएनजी टेंपो यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में शहर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में सीएनजी टेंपो चालक, यूनियन पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान सीएनजी टेंपो यूनियन अध्यक्ष एवं समाजसेवी सुब्रत कुमार विश्वास, जन सेवा सहयोग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी सिंह लोधी, आम आदमी पार्टी की प्रदेश सचिव किरण पांडे विश्वास, समाजसेवी तरुण विश्वास, जयदेव मादक, निपेन विश्वास और मनीष गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

रैली के माध्यम से टेंपो चालकों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को भी प्रमुखता से उठाया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि चालक लंबे समय से 16 किलोमीटर परमिट दिए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस संबंध में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके साथ ही रुद्रपुर में सीएनजी टेंपो चालकों के लिए स्थायी टेंपो स्टैंड बनाए जाने की मांग भी की गई।

पदाधिकारियों का कहना है कि स्थायी स्टैंड की व्यवस्था नहीं होने से टेंपो चालकों को रोजमर्रा के संचालन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से शहर में टेंपो चालकों के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के साथ उनकी अन्य लंबित समस्याओं का भी शीघ्र समाधान करने की मांग की।

जन सेवा सहयोग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी सिंह लोधी ने कहा कि टेंपो चालक शहर की परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी जायज मांगों पर प्रशासन को गंभीरता से विचार कर समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चालकों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।

सीएनजी टेंपो यूनियन अध्यक्ष सुब्रत कुमार विश्वास ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि टेंपो चालक मेहनत और ईमानदारी से अपने परिवारों का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना जरूरी है। यूनियन 16 किलोमीटर परमिट, स्थायी टेंपो स्टैंड सहित अन्य मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी।

रैली में उपाध्यक्ष इंद्रपाल, कोषाध्यक्ष कृपाल राठौर, कार्यकारिणी अध्यक्ष अर्जुन नेगी, गजेंद्र, सरताज आलम, मोहम्मद असलम, सुनील सैनी, सुनील राठौर, सोमपाल, तप विश्वास, राजपाल, दिनेश, सतपाल समेत बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी, कार्यकर्ता और टेंपो चालक मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित तिरंगा रैली ने जहां देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया, वहीं सीएनजी टेंपो चालकों की समस्याओं को भी प्रमुखता से सामने रखा। यूनियन ने प्रशासन से 16 किलोमीटर परमिट, स्थायी टेंपो स्टैंड और अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *