*वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, दो घायल* *चेकिंग के दौरान हुआ आकस्मिक फायर, महिला सुरक्षा कर्मी समेत दो लोग घायल; यात्री हिरासत में*

*वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, दो घायल*

*चेकिंग के दौरान हुआ आकस्मिक फायर, महिला सुरक्षा कर्मी समेत दो लोग घायल; यात्री हिरासत में*

वाराणसी। बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली लगने से महिला सुरक्षा कर्मी समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने संबंधित यात्री को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX1810 से वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। यात्री अपने साथ लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। चेकिंग के दौरान पिस्टल की जांच और उसमें मौजूद राउंड की गिनती की जा रही थी। इसी दौरान अचानक फायर हो गया।

गोली का राउंड चेकिंग कर रही महिला सुरक्षा कर्मी के पैर में जा लगा, जबकि पास खड़े एक अन्य व्यक्ति के अंगूठे में चोट आई। अचानक गोली चलने से एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मियों ने यात्री को हिरासत में ले लिया। दोनों घायलों को तत्काल निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। एयरपोर्ट अधिकारियों और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement