भाजपा की मानसिकता पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, खड़गे से माफी मांगने की मांग
रुद्रपुर। उत्तराखंड कांग्रेस के महामंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से माफी मांगने की मांग की।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित विजय शंखनाद रैली का शुभारंभ मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया था। इसके बाद भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा मंच के शुद्धिकरण का कथित कृत्य बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस घटना से भाजपा की अनुसूचित जाति के प्रति सोच उजागर हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक देश में इस तरह की मानसिकता संविधान की मूल भावना और समानता के अधिकार का अपमान है। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस या किसी एक नेता का अपमान नहीं, बल्कि देश के अनुसूचित जाति समाज का अपमान है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि भाजपा कभी हिंदू-मुस्लिम तो कभी हिंदू और अनुसूचित जाति के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन हल्द्वानी की घटना ने उसकी कथित मानसिकता को सामने ला दिया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रदेशभर में भाजपा की इस मानसिकता के खिलाफ विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कथित घटना की कड़ी निंदा करती है और भाजपा नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रदेश में जगह-जगह भाजपा की मानसिकता के विरोध में पुतला दहन किए जाने की बात कही।








